परस राम के हत्यारों को मिले फांसी की सजा : सुंदर ठाकुर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 15, 2021 - 07:55 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): कुल्लू जिले में 25 अगस्त को छुरुड़ू में काईस पंचायत के पूर्व प्रधान दंपति परस राम और यूमदेई पर जाननेवा के बाद परस राम 20 दिनों तक जिंदगी की जंग लड़ता रहा लेकिन पीजीआई में परस राम की मौत हो गई। इसके बाद परस राम का शव उसके गांव काईस लाया गया जहां पर बड़ी संख्या में लोग उसे अंतिम विदाई देने पहुंचे। कांग्रेस विचारधारा के होने के चलते बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता परस राम के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। कांग्रेस नेता व कार्यकर्ताओं सहित ग्रामीणों ने समाजसेवी परस राम को नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और परिजनों ने परस राम के हत्यारों को फांसी की सजा की मांग की है।

मुख्य अपराधी खिमी राम केवलू रिमांड पर ले पुलिस

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इस मामले में मुख्य अपराधी खिमी राम केवलू काे रिमांड पर लिया जाए और जिन लोगों को पुलिस ने डिटेन किया था उनके बारे में भी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि परस राम के सभी हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं मृतक परस राम के बेटे रविंद्र नेगी व समता सैनिक दल के प्रदेशाध्यक्ष दिले राम ने भी सरकार से न्याय की मांग की है। समता सैनिक दल के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि परस राम के मामले में एससी/एसटी एक्ट में प्रावधान है। हम कोर्ट में अपील करते हैं कि इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में लगाया जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्यास मिले और दोषियों को फांसी की सजा मिले।

2 आरोपी रिमांड पर भेजे : एएसपी

इन्वैस्टीगेशन ऑफिसर एएसपी कुल्लू सागर चंद्र ने बताया कि दंपति पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 2 और आरोपियों 37 वर्षीय रूप सिंह निवासी बड़ा भूईन और 37 वर्षीय इंद्र देव निवासी सीलंग खड़ीहार को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी पुलिस की रेडार पर थे और उनसे मामले में पूछताछ चल रही थी। इस बीच दोनों आरोपियों ने उच्च न्यायलय में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसे उच्च न्यायलय ने रद्द कर दिया। जमानत याचिका रद्द होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 18 सितम्बर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है।

मामले में अभी तक 11 लोगों हो चुके हैं गिरफ्तार  : एसपी

एसपी गुरदेव शर्मा ने दोनों आरोपियों को रिमांड में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस वारदात में अभी तक पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 7 आरोपी न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने डिस्चार्ज कर दिया है। वारदात में और कितने लोग संलिप्त थे इस बात का पुलिस पता लगा रही है। वहीं परस राम के शव को पीजीआई चंडीगढ़ में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News