10 घंटे बाद बहाल हुआ खड़ामुख-होली मार्ग, लोग परेशान

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 04:22 PM (IST)

भरमौर : वीरवार रात को भू-स्खलन होने से खड़ामुख-होली मार्ग लगभग 10 घंटे तक बाधित रहा। विभागीय मशीनरी ने कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर 12 बजे इस मार्ग को बहाल कर दिया। मार्ग के बंद होने के कारण होली से भरमौर व चम्बा की तरफ  आने-जाने वालों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। सहायक अभियंता होली अजय नाग ने कहा कि भू-स्खलन की सूचना मिलते ही मशीनरी भेजकर मार्ग को बहाल कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि उपमंडल होली क्षेत्र को जिला व उपमंडल मुख्यालय से जोडऩे वाले इस मार्ग की दशा इतनी दयनीय हो गई है कि पता ही नहीं चलता कि कब कहां भू-स्खलन हो जाए या फिर डंगा गिर जाए।

होली क्षेत्र के लोगों अमर सिंह, काहन, बंटी, राजकुमार व मुंशी राम का कहना है कि इस मार्ग की दशा के लिए यहां कार्य कर रही कंपनियां जिम्मेदार हैं, जिनकी हैवी मशीनरी पिछले कई वर्षों से इस पर चल रही है। इतने वर्षों में न तो सड़क चौड़ाई का कोई विशेष कार्य हो पाया है, न मार्ग पक्का हुआ है और न ही कोई क्रैश बैरियर लग पाए हैं। उन्होंने बताया कि हल्की सी बारिश के बाद ही कीनाला से लेकर इलाके वाली माता तक का पूरा मार्ग कीचड़ के नाले जैसा बन जाता है, जिस पर कंपनियों की बड़ी मशीनरी तो चल सकती है मगर छोटे वाहनों तथा दोपहिया वाहनों के लिए समस्या खड़ी हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस मार्ग को चौड़ा तथा पक्का करने का कार्य यहां कार्यरत विद्युत कंपनियों से ही करवाना चाहिए। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News