पहले दोनों ने मिलकर शराब पी... फिर दोस्त को ही उतार दिया मौत के घाट, जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 06:13 PM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल की शांत वादियों में बसे पंचरुखी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ साथ मिलकर जाम छलकाने वाले दो दोस्तों के बीच की बहस का अंत मौत पर जाकर हुआ। एक हार्डवेयर की दुकान की अंधेरी बेसमेंट, जो उनके लिए रैन बसेरा थी, कत्लगाह में तब्दील हो गई। पुलिस अब उस "साये" की तलाश में है जो अपने साथी को लहूलुहान छोड़कर अंधेरे में गायब हो गया।
पंचरुखी के अप्पर बाजार स्थित एक हार्डवेयर स्टोर में काम करने वाले बिहार निवासी नंद लाल (50) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच के मुताबिक, नंद लाल और उसके साथी शामी ने बुधवार की रात काम खत्म करने के बाद कमरे में शराब पी थी। कमरे में बिखरे हुए गिलास और बोतलें उस 'खूनी महफिल' की तस्दीक कर रहे हैं। आशंका है कि नशे की हालत में हुई मामूली कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और शामी ने नंद लाल के सिर और चेहरे पर किसी भारी चीज से जानलेवा हमला कर दिया।

सुबह जब खुला मौत का दरवाजा
इस खौफनाक मंजर का पता गुरुवार सुबह तब चला जब दुकान मालिक बीरेंद्र राणा अपने मजदूरों को जगाने बेसमेंट में पहुंचे। वहां का दृश्य विचलित करने वाला था—नंद लाल खून से लथपथ मृत पड़ा था और उसका साथी शामी लापता था। गौर करने वाली बात यह है कि आरोपी ने दुकान मालिक को अपनी पहचान के बारे में भी अंधेरे में रखा था; उसने खुद को चढियार का बताया था, जबकि वह बैजनाथ के घिरथौली का रहने वाला निकला।
जांच में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं,
जांच में पता चला है कि मृतक और आरोपी दोनों का पुराना पुलिस रिकॉर्ड रहा है। मृतक नंद लाल अपने गांव (बिहार) में विवादों के कारण पिछले 4 साल से घर नहीं गया था, वहीं आरोपी शामी के खिलाफ भी बैजनाथ थाने में कई मामले दर्ज हैं। लापरवाही यह रही कि दुकानदार ने दोनों मजदूरों के आधार कार्ड या पहचान पत्र अपने पास नहीं रखे थे। पुलिस अभी उस हथियार को बरामद नहीं कर पाई है जिससे नंद लाल पर वार किए गए।
पुलिस की कार्रवाई
डीएसपी बैजनाथ, संदीप शर्मा ने पुष्टि की है कि आरोपी शामी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि बहुत जल्द आरोपी कानून की गिरफ्त में होगा।

