Kangra : 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, टांग में दर्द के बाद बिगड़ी थी तबीयत
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 04:10 PM (IST)
Kangra News : रानीताल पुलिस चौकी के अंतर्गत एक प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उज्वल गोपाल (22) निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, उज्वल गोपाल करीब दो सप्ताह पहले यहां मजदूरी करने आया था। बताया जा रहा है कि रात के समय उसकी टांग में दर्द हुआ, जिसके बाद उसे स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया। वापस आने के बाद जब वह लेटा तो उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। मकान मालिक ने उसे बेहोशी की हालत में देखा और तुरंत एम्बुलेंस की मदद से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा पहुंचाया।
वहीं, टांडा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारण स्पष्ट न होने के चलते पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाया है।

