काजल ने माता बज्रेश्वरी से लिया आशीर्वाद, विकास को लेकर भी ऐलान
punjabkesari.in Tuesday, Dec 26, 2017 - 06:20 PM (IST)

कांगड़ा : विधायक पवन काजल ने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास के रथ को थमने नहीं दिया जाएगा। पिछली बार उन्होंने बतौर निर्दलीय विधायक क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने में कामयाबी हासिल की है और इस बार विपक्ष में बैठकर क्षेत्र के विकास व गरीबों के हक की लड़ाई वह लड़ेंगे। काजल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने उपरांत मंगलवार को कांगड़ा नगर के बाजार में व्यापारियों का दुकानों में जाकर चुनाव में किए समर्थन के लिए आभार जताने उपरांत बोल रहे थे।
पार्क का कार्य युद्धस्तर पर जारी
काजल ने समर्थकों साथ मां बज्रेश्वरी देवी का आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में उन्होंने कांगड़ा नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए 18 करोड़ 70 लाख की नई आधुनिक पेयजल योजना का रिकार्ड समय में निर्माण करवाकर शहरवासियों को 24 घंटे पीने का पानी, सीवरेज व्यवस्था, उपरोजगार कार्यालय शुरू करवाए हैं। इसके अलावा माता का बाग पार्क में 4 करोड़ से पार्क का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। नगर का विकास मास्टर प्लान के आधार पर करवाकर पर्यटकों व नगरवासियों को सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
पंचायतों में जाकर करेंगे मतदाताओं को आभार
काजल ने कहा नगरवासियों की समस्याओं के समाधान को बह शीघ्र ही कांगड़ानगर में अपना कार्यालय खोलेंगे, ताकि उनकी समस्याओं का घर द्वार पर ही समाधान हो सके। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा कांगड़ा के तहसील चौक में बज्रेश्वरी सदन निर्माण और आईपीएच डिवीजन कार्यालय कांगड़ा में खोलने की घोषणाओं को अमलीजामा पहनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा विधायक पद की शपथ ग्रहण करने के उपरांत वह हर पंचायत का दौरा कर मतदाताओं का आभार जताएंगे। इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष पुष्पा चौधरी, पंचायत प्रधान संघ के खंड प्रधान विजय चौधरी, प्रेम बरसोला, रोशन लाल सिहोंतरा, सुरेश बालिया, विवेक डोगरा सहित कई पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित रहे। इस दौरान बज्रेश्वरी मंदिर में पुजारी उमेश शर्मा, अश्वनी शर्मा ने विधायक काजल को सिरोपा भेंट किया। नेहरू चौक पर काजल समर्थकों ने लड्डू बांटकर जीत का जशन मनाया।