Kangra: ज्वाली के रैहन में रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ा हैड कांस्टेबल

punjabkesari.in Monday, Jun 09, 2025 - 10:57 PM (IST)

ज्वाली (ब्यूरो): भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। नूरपुर पुलिस जिले के अंतर्गत रैहन थाने में तैनात हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार को राज्य भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक मामले में राहत दिलाने की एवज में शिकायतकर्त्ता से 10,000 रुपए की मांग की थी, जिसमें से 2,000 रुपए की पहली किस्त लेते समय वह पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार आरोपी हैड कांस्टेबल एक व्यक्ति से पैसे की मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत राज्य भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो से की, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।

जैसे ही आरोपी ने 2,000 रुपए की रिश्वत ली तो टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। रिश्वत की राशि भी मौके पर बरामद कर ली गई है। घटना के बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। विजीलैंस एसपी बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी हैड कांस्टेबल को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News