Kangra: मुकेश कुमार की गिरफ्तारी पर छिड़ी बहस, सोशल मीडिया पर वायरल मामला

punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 09:01 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): समाजसेवी मुकेश कुमार की गिरफ्तारी को लेकर ज्वालामुखी पुलिस और उनके बीच विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले से जुड़े वीडियो और आरोप-प्रत्यारोप तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि ज्वालामुखी पुलिस की एक टीम मुकेश कुमार के नोएडा स्थित अस्थायी निवास पर पहुंची थी। इस दौरान मुकेश कुमार ने गिरफ्तारी संबंधी दस्तावेज और वारंट दिखाने की मांग की। सोशल मीडिया पर सांझा वीडियो में उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है।

दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। पुलिस के अनुसार मुकेश कुमार के खिलाफ दर्ज मामले में उन्हें सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां न करने की हिदायत दी गई थी, लेकिन नियमों के उल्लंघन के चलते आगे की कार्रवाई अमल में लाई गई।

गौरतलब है कि 24 मई को कुछ स्थानीय लोगों ने ज्वालामुखी थाना में शिकायत देकर मुकेश कुमार पर सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुकेश कुमार का कहना है कि वह पुलिस के नोटिस पर पहले ही थाने में पेश हो चुके हैं और उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया है। वहीं सूत्रों के अनुसार वारंट जारी होने के बाद उन्होंने ज्वालामुखी पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है।

अब उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। उधर, पूर्व विधायक नीरज भारती ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है, जबकि पूरे प्रकरण की सच्चाई जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News