हिमाचल में शराब ठेकों की नीलामी के लिए विभाग की अग्नि परीक्षा, चार जिलों में ई-ऑक्शन बनी चुनौती
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 11:23 PM (IST)
शिमला: हिमाचल प्रदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शराब के ठेकों को नीलाम करने के लिए आबकारी विभाग लगातार जद्दोजहद कर रहा है। विभाग ने शिमला, मंडी, कांगड़ा और बिलासपुर जिलों के शेष बचे शराब यूनिट्स की नीलामी के लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा रखा है। इन चार जिलों में शराब यूनिट्स की नीलामी को लेकर 11 दिनों से जद्दोजहद चली हुई है। 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक नीलाम होने वाले इन शराब ठेकों की नीलामी की प्रक्रिया के तहत आज अप्रैल माह के 11 दिन बीत गए हैं।
शेष यूनिट्स को बेचने की चुनौती
विभाग द्वारा पूर्व में 9 अप्रैल को जारी नोटिस के बावजूद कई ठेके नीलाम नहीं हो पाए थे। अब विभाग इन बचे हुए यूनिट्स को 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए आबंटित करने के लिए त्वरित प्रक्रिया अपना रहा है। शनिवार को एक बार फिर से इनकी नीलामी प्रक्रिया की कार्रवाई की गई है। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे ई-ऑक्शन पोर्टल पर ऑक्शन टॉपअप पेमैंट विकल्प का उपयोग कर अग्रिम राशि जमा कर लें, ताकि आवेदन के समय भुगतान में देरी न हो।
कमिश्नर के पास सुरक्षित रहेंगे अधिकार
यह नीलामी हिमाचल प्रदेश आबकारी नीति 2026-27 के नियमों के तहत हो रही है। राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त के पास यह अधिकार सुरक्षित है कि वे बिना कोई कारण बताए किसी भी बोली को रद्द कर सकते हैं या नीलामी की तिथि और समय में बदलाव कर सकते हैं।

