जेपी नड्डा का बढ़ा कार्यकाल, जून 2024 तक बने रहेंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

punjabkesari.in Tuesday, Jan 17, 2023 - 06:43 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): जगत प्रकाश नड्डा जून, 2024 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। इस तरह लगातार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाले हिमाचल प्रदेश के पहले तथा देश के तीसरे राष्ट्रीय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 120 चुनाव लड़े, जिसमें से 73 में जीत मिली। भाजपा की नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह घोषणा की। उनके कार्यकाल को बढ़ाए जाने संबंधी प्रस्ताव केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रखी जिसे स्वीकार कर लिया गया। नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाए जाने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल व शांता कुमार, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, त्रिलोक कपूर, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल व सतपाल सत्ती सहित अन्य नेताओं ने शुभकामनाएं दीं हैं।

इस साल 9 राज्यों व अगले लोकसभा चुनाव बड़ी चुनौती
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जगत प्रकाश नड्डा के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती इस साल यानि वर्ष 2023 में 9 राज्यों के विधानसभा चुनाव तथा उसके बाद वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव हैं। इसके लिए भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे को आगे रखकर जनमत मांगेगी, जिसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया है। इसमें भाजपा ने अभी से अपनी कमजोर कडिय़ों पर काम करना शुरू कर दिया है, जिसके लिए आगामी समय में केंद्रीय मंत्रियों को दायित्व सौंपा जा सकता है।

बढ़ सकता है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप का कार्यकाल 
लोकसभा चुनाव की अवधि तक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप के कार्यकाल को भी बढ़ाया जा सकता है। यह निर्णय हिमाचल प्रदेश भाजपा कार्यसमिति बैठक में लिया जा सकता है, जिसका आयोजन आगामी 10 दिन के भीतर किए जाने की संभावना है।

मोदी के नेतृत्व में फिर मजबूत सरकार बनाएगी भाजपा : कश्यप 
हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2024 में मजबूत सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा जिस तरह से आगे बढ़ी है, उसी तरह आगामी समय में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News