Mandi: जोगिंद्रनगर महिला मौत मामला: दो युवक गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर

punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 05:29 PM (IST)

जोगिंद्रनगर (विनोद): जोगिंदर नगर के गरोडू में मंगलवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए तलब किए गए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, जिसके आधार पर जोगिंद्रनगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान पंकज और अजय नामक युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया था।

पूछताछ में संदेह गहराने के बाद दोनों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान आरोपितों से गहन पूछताछ की जाएगी तथा उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रीक्रिएट किया जाएगा, ताकि घटना से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए जा सकें। जोगिंद्र नगर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उधर, क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News