छाता लेकर ड्राइवर का बस चलाने का Viral Video, हिमाचल विधानसभा में उठा मुद्दा

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 05:43 PM (IST)

Shimla News : हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) के एक ड्राइवर का बारिश के दौरान छाता लगाकर बस चलाते हुए वायरल वीडियो सोमवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में चर्चा का विषय बन गया। भरमौर विधायक डॉ. जनक राज ने सरकार से ड्राइवर के खिलाफ की गई कार्रवाई वापस लेने की मांग की।

'यह घटना ड्राइवर की गलती नहीं, बल्कि...'

शून्यकाल के दौरान मुद्दा उठाते हुए डॉ. जनक राज ने कहा कि यह घटना ड्राइवर की गलती नहीं, बल्कि एचआरटीसी की बसों की खराब स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने सदन को बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बारिश के दौरान बस के अंदर पानी टपकने के कारण ड्राइवर को छाता लगाकर बस चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने ड्राइवर को जारी नोटिस को रद्द करने की मांग करते हुए कहा, 'एक यात्री ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ड्राइवर को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। दोष एचआरटीसी के मैकेनिकल विंग का है, जिसने खराब बस को सड़क पर उतारा।'

विधायक ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र में एचआरटीसी बसों की भारी कमी पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बसों की कमी के कारण क्षेत्र के लगभग 12 रूट बंद हो चुके हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दूरस्थ और दुर्गम इलाकों के लोगों का सार्वजनिक परिवहन पर बहुत निर्भर रहना पड़ता है, क्योंकि निजी ऑपरेटर मुश्किल रूटों पर बसें चलाने को तैयार नहीं होते। उन्होंने अतिरिक्त बसों की तैनाती तथा बंद रूटों को बहाल करने की मांग करते हुए कहा, 'भले ही ऐसे रूट घाटे में चल रहे हों, फिर भी सरकार को इन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करनी चाहिए।'

एचआरटीसी प्रशासन ने ड्राइवर को जारी किया नोटिस

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने मामले को गंभीर बताते हुए विधानसभा सचिवालय को निर्देश दिया कि ड्राइवर के खिलाफ की गई कारर्वाई और बसों की तैनाती से संबंधित चिंताओं पर उठाए गए कदमों की रिपोर्ट मांगी जाए। यह घटना रविवार को भारी बारिश के दौरान हुई थी, जब ड्राइवर ने यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस चलाना जारी रखा। हालांकि, वीडियो के वायरल होने के बाद एचआरटीसी प्रशासन ने ड्राइवर को नोटिस जारी कर दिया, जिसकी विधायक द्वारा आलोचना की गई। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News