बिंदल ने किया आग्रह, बोले-संकट की घड़ी में अपने श्रमिकों की मदद को आग आएं उद्योगपति

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2020 - 03:40 PM (IST)

शिमला (योगराज): नाहन के विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कर्फ्यू और लॉकडाऊन के दौरान गरीब, जरूरतमंद और श्रमिकों को भोजन की व्यवस्था के लिए समाज के प्रमुख लोगों से आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने उद्योगपतियों से भी आग्रह किया कि वे अपने उद्योगों के श्रमिकों के खान-पान, स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखें। उन्होंने आग्रह किया कि कर्फ्यू और लॉकडाऊन में राशन और अन्य जरूरी सामान को नि:शुल्क प्राप्त करने के लिए केवल वे लोग आगे आएं जो पूर्णत: निर्धन और अभावग्रस्त हैं। 

उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में नाहन भाजपा मंडल द्वारा अभावग्रस्त जरूरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध करवाने के लिए दानदाताओं और जरूरतमंद लोगों की सूचियां बनाने का कार्य पूर्ण कर राशन पहुंचाना आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब और त्रिलोकपुर क्षेत्र का जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, पुलिस अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ दौरा किया और लोकडाऊन और कर्फ्यू के मद्देनजर स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि यद्यपि जयराम सरकार प्रदेश भर में राशन, दूध, सब्जियां, फल, दवाइयां, घरेलू गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुनिश्चित बना रही है किन्तु संगठन स्तर पर भी हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि निर्धन और जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर लगभग 25 हजार दानदाताओं की सूचियां पहुंच चुकी हैं जो एक-एक किट दान में देंगे। 1 किट में 10 किलो आटा, 5 किलो चावल, 2 किलो दाल, 1 किलो तेल, 1 किलो चीनी व 1 किलो नमक होगा। यह किट हमारे कार्यकर्ता केवल उन्हीं को देंगे, जिन्हें वे जरूरतमंद समझते हुए सूचीबद्ध करेंगे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आह्वान पर भाजपा का हर कार्यकर्ता संकट के समय समाज के साथ खड़ा हो गया है। आज सायं 4 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश के 17 जिलाध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री व संसदीय प्रभारियों से वीडियो कॉन्फ्रैंस से वार्ता करके हिमाचल के कार्यों की समीक्षा लेंगे व आगामी निर्देश जारी करेंगे।

उन्होंने कहा कि ‘‘हमारा देश वर्तमान में विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है किन्तु हम सौभाग्यशाली हैं कि देश का नेतृत्व नरेन्द्र मोदी और प्रदेश का नेतृत्व जयराम ठाकुर के हाथों में है। हमें हर सूरत में धैर्य धारण करते हुए कोरोना जैसी महामारी का सामना करना है। हम सब मिलजुलकर समाज का सहयोग करें तो हम इस लड़ाई को जरूर जीत पाएंगे’’।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News