Kangra: पंजाब का खनन माफिया हिमाचल सीमा में कर रहा अवैध खनन, 9 वाहन जब्त

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 05:54 PM (IST)

इंदौरा (अजीज): पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन, 2 जेसीबी और 6 मल्टी एक्सल ट्रकों सहित कुल 9 वाहन एवं मशीनरी जब्त की है। यह कार्रवाई इंदौरा क्षेत्र से थोड़ी दूर रे पत्तन नामक स्थान पर की गई, जहां पंजाब के खनन माफिया द्वारा बड़ी मशीनरी से हिमाचल में ब्यास नदी का सीना छलनी किया जा रहा था। वहीं इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय खनन माफिया के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि रे पत्तन क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर एक पोकलेन एक्सकेवेटर, एक जेसीबी और 5 मल्टी एक्सल ट्रकों को नदी क्षेत्र में खनन करते हुए पकड़ा।

इस संबंध में मुकद्दमा दर्ज कर जिला होशियारपुर (पंजाब) निवासी सुशील कुमार सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, खनिज एवं खनन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी 7 वाहनों एवं मशीनरी को इंपाऊंड कर जांच शुरू कर दी है। इसी दौरान जखाड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने नदी में अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी और एक टिप्पर को पकड़ा। दोनों वाहनों को खनन अधिनियम के तहत चालान कर इंपाऊंड किया गया है तथा मामला न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ज्वाली की अदालत में भेजा जा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News