भारतीय किसान संघ ने ऊना में निकाली रैली, PM Modi से उठाई ये मांग
punjabkesari.in Wednesday, Sep 08, 2021 - 04:35 PM (IST)
ऊना (अमित): भारतीय किसान संघ ने बुधवार को जिला मुख्यालय के एमसी पार्क से लेकर मिनी सचिवालय तक अपनी मांगों को लेकर रैली निकाली। वहीँ इसके बाद भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने डीसी ऊना को ज्ञापन सौंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसानों के हितों के लिए कुछ मांगें भी उठाई। भारतीय किसान संघ के नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार से किसानों को उनकी उपज का लागत आधारित लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य तय होने के बावजूद मंडियों में किसानों की उपज उससे कम मूल्य में बिकती है।
कृषि उत्पादों के मूल्य को हमेशा नियंत्रित रखा गया, जिससे स्वतंत्र बाजार व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी और अब कृषि आदान तो महंगे होते जा रहे हैं परंतु न्यूनतम समर्थन मूल्य बहुत पीछे छूट गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की उपज का व्यापार करने वाले तथा उद्योग चलाने वाले सभी फल-फूल रहे हैं लेकिन स्वयं किसान कर्जदार व गरीब से और गरीब होता जा रहा है। भारतीय किसान संघ के सचिव विशाल पाठक ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए कृषि कानूनों का भारतीय किसान संघ समर्थन करता है लेकिन इन कानूनों में कुछ संशोधन की आवश्यकता है जिसके बारे सरकार से सकारात्मक चर्चा हो गई है।