Shimla: नेरवा में 14 साल के दिव्यांग के साथ घटी दर्दनाक घटना, पत्थरों के बीच गिरकर गई जान
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 05:08 PM (IST)
शिमला (संतोष): शिमला जिले की नेरवा तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव भूट में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहां शौच के लिए जा रहे एक 14 वर्षीय दिव्यांग किशोर की पैर फिसलने से मौत हो गई। किशोर रास्ते से करीब 15-20 फुट नीचे पत्थरों के बीच जा गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी जान चली गई। जानकारी के अनुसार गांव भूट (डाकघर भराणू) निवासी सुमित कुमार पुत्र सुरेंद्र सिंह बचपन से ही दिव्यांग था और मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। बताया जा रहा है कि सुमित अपने घर के आंगन से जंगल की ओर शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे खेत में जा गिरा।
सिर में लगी गहरी चोट, अस्पताल में तोड़ा दम
खेत में पत्थरों पर गिरने की वजह से सुमित के सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट आई और वह दर्द से चिल्लाने लगा। सुमित की आवाज सुनकर उसके पिता सुरेंद्र सिंह और गांव के ही मंगत राम तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सुमित खेत में खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल किशोर को तुरंत सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने नहीं जताया कोई संदेह
अस्पताल प्रशासन से घटना की सूचना मिलते ही नेरवा पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद पार्थिव देह अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दी। परिजनों ने किशोर की मृत्यु को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह नहीं जताया है। फिलहाल, नेरवा पुलिस द्वारा इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

