पंजाब केसरी समूह के होटल पार्क प्लाजा में तोड़फोड़ की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं निन्दनीय: पूर्व MLA प्रवीन कुमार
punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 04:21 PM (IST)
हिमाचल डेस्क : पंजाब केसरी समूह के होटल पार्क प्लाजा में हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर पालमपुर के पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व विधायक ने अपने कहा कि यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी पर भी सीधा प्रहार है।
'ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं'
प्रवीन कुमार ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। सरकार को तुरंत दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी समूह का इतिहास संघर्ष और बलिदान से भरा रहा है। इंदिरा गांधी के आपातकाल के दौर से लेकर पंजाब के उग्रवाद के भयावह समय तक, इस समूह की कलम कभी नहीं झुकी। उस दौर में भी जब हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे, समूह के संचालकों, पत्रकारों और कर्मियों ने सिर पर कफन बांधकर काम किया और एक के बाद एक शहादत दी।
प्रवीन कुमार ने लगाया ये आरोप
पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने आरोप लगाया कि वर्तमान में भी सत्ता के दबाव में मीडिया को झुकाने की जो हरकतें की जा रही हैं, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं निन्दनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी नीच हरकतों से पंजाब केसरी समूह की आवाज को दबाया जा सकता है? प्रवीन कुमार ने कहा इतिहास गवाह है ओर उन्होंने ने भी चौदह वर्ष तक इसी समूह के अधीन बतौर पत्रकार काम किया यह कलम कभी नहीं झुकी और आगे भी नहीं झुकेगी। पूर्व विधायक ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए, जिससे कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो ।

