Himachal: राहुल गांधी कल आएंगे कांगड़ा, हिमाचल-पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिलाध्यक्षों के साथ करेंगे बड़ी बैठक

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:16 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज वीरवार को कांगड़ा के दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय संगठन सृजन अभियान के समापन सत्र में शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी सुबह विशेष विमान से दिल्ली से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे यात्री सदन स्थित प्रशिक्षण शिविर स्थल के लिए रवाना होंगे। इस विशेष सत्र की खास बात यह है कि इसमें हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब और जम्मू-कश्मीर की जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष भी शिरकत करेंगे।

बूथ स्तर पर मजबूती पर रहेगा फोकस
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता लाना और जमीनी स्तर पर संगठन की पहुंच का विस्तार करना है। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के तरीके बताएंगे।राजनीतिक विश्लेषक राहुल गांधी के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देख रहे हैं।  इसके साथ ही, वे हिमाचल में होने वाले आगामी पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों पर भी मंथन करेंगे। इस दौरान वे प्रदेश नेतृत्व से इन चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट भी लेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने राहुल गांधी के आगमन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को संगठन सृजन अभियान के समापन पर राहुल गांधी की उपस्थिति से जिलाध्यक्षों सहित पूरे संगठन को मजबूती मिलेगी।

तैयारियों को लेकर धर्मशाला में डटे दिग्गज
राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस संगठन ने धर्मशाला में व्यापक तैयारियां की हैं। बुधवार से ही संगठन के तमाम पदाधिकारी धर्मशाला में डेरा डाले हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेशाध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। इस दौरान पदाधिकारियों ने आगामी चुनावों की रणनीति को लेकर भी गहन मंथन किया है। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News