हिमाचल में रिश्तों का खून! शराब के नशे में छोटे भाई ने ली बड़े भाई की जान, पुरानी रंजिश बनी वजह

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 11:22 AM (IST)

Shimla Crime News (नाेगल) : शिमला जिले के झाकड़ी थाना के अंतर्गत सराहन गांव में भाई द्वारा अपने भाई की हत्या का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने 34 वर्षीय आरोपी विक्रम को अपने बड़े भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। नशे की हालत में उपजे विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को मातम में बदल दिया।

श्मशान घाट के पास मिला था शव

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनिल कुमार उर्फ काकू (उम्र 35 वर्ष), निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।30 मार्च 2026 की सुबह थाना झाकड़ी को सूचना प्राप्त हुई कि राई खड्ड स्थित शमशान घाट के समीप एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची, तो अनिल कुमार मृत अवस्था में मिले। उनके शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे और काफी खून बह चुका था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

नशे में उभरी पुरानी रंजिश

वहीं, मृतक के छोटे भाई विक्रम को भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रारंभिक संदेह होने पर पूछताछ हेतु हिरासत में लेकर जांच में शामिल किया गया। पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी छोटे भाई विक्रम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। विक्रम ने बताया कि दोनों भाई साथ बैठकर शराब पी रहे थे। नशे के दौरान पुरानी बातों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर विक्रम ने अनिल की हत्या कर दी।

पुलिस की कार्रवाई

एसएसपी शिमला, गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और झाकड़ी थाने में हत्या का मामला दर्ज कर किया गया है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि हमले में किसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। वहीं, इस हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News