Kangra News: अवैध लकड़ी तस्करी का पर्दाफाश, 7 वाहन जब्त

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 06:36 PM (IST)

इंदौरा,बडूखर (अजीज/सुनीत): पुलिस जिला नूरपुर ने अवैध वन संपदा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी के अवैध परिवहन के एक संगठित नैटवर्क का खुलासा किया है। सीआईए टीम की सतर्कता से रियाली पुल के पास की गई नाकाबंदी के दौरान 7 वाहनों को पकड़कर बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद की गई। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह नियमित गश्त के दौरान पुलिस को कई संदिग्ध पिकअप और एक कैंटर वाहन दिखाई दिए। शक के आधार पर इन्हें रोककर जांच की गई। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस थाना फतेहपुर और पुलिस पोस्ट रे की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच के दौरान 6 पिकअप और एक कैंटर में विभिन्न किस्मों की लकड़ी और ईंधन लकड़ी लदी पाई गई।

जब चालकों से परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी परमिट या लाइसैंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सातों वाहनों को कब्जे में लेकर लकड़ी जब्त कर ली। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) और भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 व 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब वन विभाग के साथ मिलकर लकड़ी के स्रोत, स्वामित्व और पूरे नैटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह मामला संगठित तस्करी से जुड़ा हो सकता है जिससे आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है। एसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, वन कटान और तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News