मंडी कोर्ट परिसर में सनसनी: सुनवाई के दौरान पति ने पत्नी पर छिड़का संदिग्ध तरल पदार्थ, FIR दर्ज
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 12:16 PM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के जिला न्यायालय मंडी परिसर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई के दौरान एक शख्स ने अपनी ही पत्नी पर संदिग्ध तरल पदार्थ का छिड़काव कर दिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला और उसके पति के बीच पिछले कुछ समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है। रीमा (पत्नी मुकेश कुमार), निवासी गांव एवं डाकघर बग्गी, तहसील बल्ह, शुक्रवार को अपने केस की पैरवी और सुनवाई के लिए कोर्ट रूम पहुंची थी। महिला का आरोप है कि जब अदालत में सुनवाई चल रही थी, तभी उसके पीछे खड़े पति मुकेश कुमार ने उस पर चुपके से किसी अज्ञात द्रव का छिड़काव किया। पीड़िता के मुताबिक, छिड़काव होते ही उसे अपने हाथ और पीठ पर अचानक तेज ठंडक का अहसास हुआ।
महिला ने लगाया ये आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि इस अप्रत्याशित हरकत के बाद वह बुरी तरह सहम गई। जब महिला ने तुरंत अपना हाथ देखा तो उस पर तेल जैसा कोई चिपचिपा द्रव लगा हुआ था। जैसे ही उसने पीछे मुड़कर देखा, तो उसका पति मुकेश हाथ में एक छोटी शीशी लिए उसकी तरफ कुछ फेंकने का प्रयास कर रहा था। महिला ने पुलिस के समक्ष आशंका जताई है कि कोर्ट परिसर में उस पर फेंका गया पदार्थ कोई जहरीला, नशीला या तेजाब जैसा खतरनाक रसायन हो सकता है, जिसे उसे गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने की नीयत से लाया गया था।
प्राथमिकी दर्ज
वहीं, पीड़ित महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पदार्थ की सटीक प्रकृति का पता लगाने के लिए राज्य फॉरेंसिक प्रयोगशाला की टीम को भी जांच में शामिल किया गया है।

