Shimla: HRTC कर्मचारियों काे जारी हुआ वेतन, पैंशनर्ज को करना होगा थोड़ा इंतजार

punjabkesari.in Saturday, Jan 10, 2026 - 05:17 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल पथ परिवहन निगम के हजारों कर्मचारियों के लिए इस माह राहत भरी खबर है। निगम प्रबंधन ने लंबे समय बाद कर्मचारियों को महीने की 10 तारीख से पहले वेतन जारी कर दिया है। शुक्रवार शाम तक सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की राशि जमा हो गई है। पिछले कई महीनों से एचआरटीसी कर्मचारी वेतन में हो रही देरी से जूझ रहे थे। अक्सर वेतन 10 तारीख के बाद मिल रहा था, जिससे उन्हें काफी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि प्रबंधन का पूरा प्रयास है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले। उन्होंने कहा कि बीते दिन वेतन जारी कर दिया गया है और शुक्रवार शाम तक यह खातों में पहुंच गया। हम जल्द ही ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास कर रहे हैं कि कर्मचारियों को हर माह एक निर्धारित तिथि पर वेतन मिल सके। वहीं, पैंशनर्ज  की पैंशन को लेकर अजय वर्मा ने कहा कि इसके लिए सरकार से आने वाली ग्रांट का इंतजार है। जैसे ही ग्रांट प्राप्त होगी, पैंशन जारी कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा समय में न तो वेतन और न ही पैशन पैंडिंग है, बस प्रक्रिया में थोड़ी देरी हो रही है, जिसे जल्द सुलझा लिया जाएगा।

यूनियन की मांग, 1 तारीख को मिले वेतन
भले ही वेतन 10 तारीख से पहले मिल गया हो, लेकिन कर्मचारी संगठन इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के राज्य पदाधिकारियों ने प्रबंधन से मांग की है कि प्रदेश के अन्य विभागों की तर्ज परएचआरटीसी कर्मचारियों को भी हर महीने की 1 तारीख को वेतन दिया जाए। संघ का तर्क है कि अधिकांश कर्मचारियों ने बैंक से लोन ले रखा है, जिसकी किस्त  महीने के पहले सप्ताह में कटती है। वेतन लेट होने पर खाते में पैसे नहीं होते, जिससे किस्त बाऊंस होने और डिफाल्टर बनने का खतरा बना रहता है। इसलिए 1 तारीख को वेतन मिलना अनिवार्य है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News