HPRCA ने घोषित की इतिहास और अर्थशास्त्र शिक्षकों की भर्ती परीक्षा की तिथि, जानें कब होगा एग्जाम
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 07:57 PM (IST)
हमीरपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने इतिहास और अर्थशास्त्र विषय के शिक्षकों के लिए परीक्षा की तिथि का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पोस्ट कोड-26025 (इतिहास) और पोस्ट कोड-26030 (अर्थशास्त्र) के तहत होने वाली यह कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आगामी 28 जून को आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा। डॉ. महाजन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तिथि से ठीक एक सप्ताह पहले राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वैबसाइट hprca.hp.gov.in पर एक विशेष लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा। इस लिंक का उपयोग करके सभी परीक्षार्थी अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड आसानी से डाऊनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग उनके पंजीकृत मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी रोल नंबर और निर्धारित परीक्षा केंद्र की पूरी जानकारी प्रेषित करेगा।
परीक्षा को लेकर किसी भी तरह की तकनीकी या सूचनात्मक चूक से बचने के लिए आयोग के सचिव ने सभी उम्मीदवारों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा है कि परीक्षार्थी नियमित रूप से आयोग की वैबसाइट चैक करते रहें और साथ ही अपने मोबाइल फोन पर आने वाले एसएमएस और ईमेल इनबॉक्स के ताजा स्टेटस पर भी लगातार नजर बनाए रखें। यदि इसके बावजूद किसी अभ्यर्थी को कोई अतिरिक्त जानकारी चाहिए या कोई शंका हो, तो वह कार्यदिवस के दौरान सीधे राज्य चयन आयोग के कार्यालय में आकर या उनके आधिकारिक दूरभाष नंबर पर भी संपर्क कर सकता है।

