Hamirpur: राज्य चयन आयोग ने घोषित किया हिंदी शिक्षकों की भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 151 उम्मीदवार चयनित

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 06:52 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने स्कूल शिक्षा विभाग में फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले हिंदी शिक्षकों (पोस्ट कोड-26026) का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। दस्तावेजों की गहन जांच के बाद कुल 151 उम्मीदवारों को इस पद के लिए अंतिम रूप से चयनित किया गया है।

5316 उम्मीदवारों ने दी थी परीक्षा
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने भर्ती प्रक्रिया के आंकड़े सांझा करते हुए बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग में इन 151 पदों को भरने के लिए प्रदेशभर से कुल 6354 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 5316 उम्मीदवार कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में उपस्थित हुए थे। लिखित परीक्षा की मैरिट के आधार पर 375 उम्मीदवारों को दस्तावेजों की जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया के बाद मैरिट के आधार पर 151 उम्मीदवारों की फाइनल सूची तैयार कर जारी कर दी गई है।

यहां चैक करें अपना रिजल्ट
आयोग ने पारदर्शिता बनाए रखते हुए अंतिम परिणाम को सार्वजनिक कर दिया है। चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और उनके द्वारा प्राप्त किए गए अंकों सहित पूरी विस्तृत सूची राज्य चयन आयोग की आधिकारिक वैबसाइट hprca.hp.gov.in पर अपलोड कर दी गई है। उम्मीदवार वैबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट आसानी से चैक और डाऊनलोड कर सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News