Hamirpur: फाइन आर्ट्स शिक्षक भर्ती का परीक्षा परिणाम घोषित, 24 सितम्बर को होगी डॉक्यूमैट वैरिफिकेशन
punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 06:17 PM (IST)
हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत फिक्स मानदेय के आधार पर भरे जाने वाले फाइन आर्ट्स शिक्षकों (पोस्ट कोड-26033) के पदों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। यह कम्प्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टैस्ट (सीबीटी) आयोग द्वारा आयोजित किया गया था। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वैबसाइट (hprca.hp.gov.in) पर जाकर चेक कर सकते हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने परिणाम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि फाइन आर्ट्स के शिक्षकों के 118 पदों को भरने के लिए कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 128 उम्मीदवार सीबीटी परीक्षा में उपस्थित हुए थे। परीक्षा के मूल्यांकन के बाद 106 उम्मीदवारों को उत्तीर्ण घोषित किया गया है, जिन्हें अब आगामी चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया गया है।
परीक्षा में पास हुए इन 106 उम्मीदवारों को अब डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि यह वैरिफिकेशन 24 सितम्बर को सुबह 10 बजे से हमीरपुर स्थित राज्य चयन आयोग के परिसर में आरंभ की जाएगी। आयोग ने उम्मीदवारों के लिए एक अहम निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए योग्य उम्मीदवारों को अलग से डाक द्वारा कोई कॉल लैटर नहीं भेजे जाएंगे। इस संबंध में सभी आवश्यक सूचनाएं उम्मीदवारों द्वारा दी गई उनकी पंजीकृत ईमेल आईडी पर ही भेजी जाएंगी।
डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के समय उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डाऊनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमैंट वैरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

