HPBOSE ने घोषित किया एकलव्य स्कूल चयन परीक्षा-2026 का रिजल्ट, बोर्ड की वैबसाइट पर देखें मैरिट और स्कोर
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 10:48 PM (IST)
धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने एकलव्य मॉडल रैजीडैंशियल स्कूल सिलैक्शन टैस्ट-2026 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस चयन परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थी अब बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रवेश परीक्षा 29 मार्च, 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षार्थी वैबसाइट पर अपना रोल नंबर या एप्लीकेशन नंबर दर्ज करके अपना व्यक्तिगत स्कोर और मैरिट लिस्ट में अपना स्थान आसानी से चैक कर सकते हैं।
आपत्तियों की जांच के बाद फाइनल आंसर-की से बना रिजल्ट
बोर्ड ने परीक्षा परिणाम में पूरी पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए एक व्यवस्थित प्रक्रिया का पालन किया है। सबसे पहले अस्थायी उत्तरकुंजी जारी कर परीक्षार्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। इसके बाद विषय विशेषज्ञों द्वारा उन आपत्तियों की गहन जांच की गई और अंततः फाइनल उत्तरकुंजी तैयार की गई। इसी फाइनल आंसर-की के आधार पर ही अंतिम परिणाम और मैरिट लिस्ट तैयार की गई है।
आगे की प्रक्रिया अनुसूचित जनजाति विभाग के हवाले
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड ने परीक्षा परिणाम पूरी शुद्धता और पारदर्शिता के साथ घोषित कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड का काम केवल परीक्षा आयोजित कर मैरिट सौंपना था। अब चयनित छात्रों के दाखिले और आगामी चयन की पूरी प्रक्रिया अनुसूचित जनजाति विभाग द्वारा तय नियमों और मैरिट के आधार पर पूरी की जाएगी।
समस्या होने पर हैल्पलाइन पर करें संपर्क
शिक्षा बोर्ड ने परीक्षार्थियों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा है। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि यदि किसी भी विद्यार्थी या अभिभावक को वैबसाइट पर परिणाम देखने या स्कोरकार्ड डाऊनलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे तुरंत बोर्ड द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

