Kangra: शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया सीबीएसई स्क्रीनिंग टैस्ट का परिणाम

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 09:44 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रविवार को सीबीएसई सब-कैडर स्क्रीनिंग टैस्ट-2026 का परिणाम और फाइनल आंसर-की आधिकारिक वैबसाइट पर जारी कर दी है। बोर्ड ने न केवल अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत अंक सार्वजनिक किए हैं, बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अंतिम उत्तर कुंजी भी पोर्टल पर अपलोड कर दी है। बोर्ड के इस कदम से उन हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है, जिन्होंने 22 मार्च को आयोजित इस परीक्षा में भाग लिया था। कुल 27 विभिन्न विषयों और पदों के लिए यह स्क्रीनिंग टैस्ट लिया गया था। परीक्षा के उपरांत बोर्ड द्वारा प्रोविजनल आंसर-की जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई थीं। प्राप्त हुईं सभी आपत्तियों का विषय विशेषज्ञों द्वारा गहनता से विश्लेषण और समीक्षा की गई। विशेषज्ञों की इन्हीं अंतिम सिफारिशों के आधार पर फाइनल आंसर-की तैयार की गई, जिसके बाद परिणाम को अंतिम रूप दिया गया।

बोर्ड का प्राथमिक लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष बनाना है, ताकि अभ्यर्थी अपने प्रदर्शन का मिलान विशेषज्ञों द्वारा प्रमाणित उत्तरों से कर सकें। इच्छुक उम्मीदवार अब बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर अपना विवरण देख सकते हैं। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा का कहना है कि बोर्ड का प्राथमिक लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। इसी उद्देश्य के साथ अभ्यर्थियों के व्यक्तिगत अंक और 27 विषयों की फाइनल उत्तर कुंजियां पोर्टल पर उपलब्ध करवा दी गई हैं। विशेषज्ञों द्वारा सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद ही इस परिणाम को अंतिम रूप दिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News