Shimla: स्कूल शिक्षा बोर्ड 10 विषयों के लिए आयोजित करेगा अध्यापक पात्रता परीक्षा

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 08:13 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून 2026 में आयोजित होने वाली 10 विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा का शैड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षा में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी 30 अप्रैल से 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन स्पैशल एजुकेटर प्री-प्राइमरी से कक्षा 5, स्पैशल एजुकेटर छठी कक्षा से 12वीं कक्षा, टीजीटी आर्ट्स, टीजीटी मैडीकल, जेबीटी, टीजीटी संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, टीजीटी नॉन-मैडीकल और टीजीटी हिंदी विषय के लिए अध्यापक पात्रता परीक्षा का आयोजन होगा। बोर्ड की ओर से जारी शैड्यूल के अनुसार परीक्षाएं 7 से 21 जून तक आयोजित की जाएंगी। उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र परीक्षा से 4 दिन पहले बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। आवेदनकर्त्ताओं को प्रोस्पैक्टस और ऑनलाइन एप्लीकेशन के लिए बोर्ड की वैबसाइट पर ही आवेदन करना होगा। निर्धारित अंतिम तिथि 15 मई के बाद भी आवेदन किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए विलंब शुल्क के रूप में 600 रुपए अदा करने होंगे।

परीक्षा शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उम्मीदवारों के पास 19 और 20 मई को अपने आवेदन पत्रों में किसी प्रकार की त्रुटि दूर करने का समय रहेगा। इस दौरान श्रेणी और उपश्रेणी में सुधार के लिए उम्मीदवारों को स्वयं बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर ऑफलाइन माध्यम से ही आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी शैड्यूल के अनुसार टैट परीक्षाएं 2 सत्र में आयोजित की जाएंगी। पहला सत्र सुबह 10 से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तक रहेगा।

किस दिन होगी कौन सी परीक्षा
7 जून : सुबह प्री-प्राइमरी विशेष शिक्षक, शाम को कक्षा छठी से जमा दो तक के विशेष शिक्षक।
13 जून : सुबह टीजीटी आर्ट्स, शाम को टीजीटी मैडीकल।
14 जून : सुबह जेबीटी, शाम को टीजीटी संस्कृत।
17 जून : सुबह पंजाबी, शाम को उर्दू।
21 जून : सुबह टीजीटी नॉन-मैडीकल, शाम को टीजीटी हिंदी।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डाॅ. मेजर विशाल शर्मा का कहना है कि स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून माह में आयोजित होने वाले टैट का शैड्यूल जारी कर दिया है। अभ्यर्थी 30 अप्रैल से ही आवेदन कर सकते हैं। आवेदन और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया केवल ऑनलाइन ही होगी, किसी अन्य माध्यम से शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News