पीएम मोदी फिर आएंगे हिमाचल, प्रियंका वाड्रा की सोलन में रैली की बदली तारीख, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 07:17 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बार हिमाचल आने का कार्यक्रम बन रहा है। उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की सोलन में होने वाली रैली स्थगित हाे गई है। विधानसभा चुनावों में राज्य पूर्व अर्द्धसैनिक कल्याण और समन्वय संघ ने उतरने का फैसला लिया है। भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ वीरवार को नई दिल्ली में मुलाकात की है। विजिलैंस टीम ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता की गाड़ी से रिश्वत के लाखों रुपए पकड़े हैं। ऊना जिले के देहलां क्षेत्र से 3 खिलाड़ी इस बार प्रो-कबड्डी में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

पीएम मोदी फिर आएंगे हिमाचल, इस तारीख को बन रहा चम्बा आने का प्रोग्राम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिर से हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आने का कार्यक्रम बन रहा है। बिलासपुर व कुल्लू का दौरा करने के बाद 14 अक्तूबर को चम्बा आ सकते हैं, जहां पर वह कुछ पावर प्रोजैक्टों का उद्घाटन करने के अलावा जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले भी प्रधानमंत्री का चम्बा आने का कार्यक्रम था लेकिन अलग-अलग कारणों से यह स्थगित हो गया। 

प्रियंका वाड्रा की 10 अक्तूबर को सोलन में होनी वाली रैली स्थगित
जिला सोलन के ठोडो मैदान में 10 अक्तूबर को प्रस्तावित कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की रैली स्थगित हो गई है। अब यह रैली 14 अक्तूबर को आयोजित होगी। पार्टी ने खराब मौसम की आशंका के चलते ये निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रियंका वाड्रा की सोलन में होने वाली प्रस्तावित रैली को सफल बनाने के लिए सभी पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

हिमाचल में पूर्व अर्द्धसैनिक लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, 5 उम्मीदवारों की सूची जारी
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में राज्य पूर्व अर्द्धसैनिक कल्याण और समन्वय संघ ने उतरने का फैसला लिया है। चुनावों में उतरने की घोषणा अर्द्धसैनिक कल्याण व समन्वय संघ ने वीरवार को शिमला में आयोजित प्रैसवार्ता में की। पत्रकारों से बातचीत में हिमाचल प्रदेश राज्य पूर्व अर्द्धसैनिक कल्याण और समन्वय संघ के अध्यक्ष वीके शर्मा ने कहा कि सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। 

नई दिल्ली में हर्ष महाजन की अमित शाह व जेपी नड्डा से मुलाकात
45 वर्ष कांग्रेस में रहने के बाद भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन सत्तारूढ़ दल के लिए तुर्फ का इक्का साबित हो सकते हैं, ऐसे में भाजपा उनके सियासी अनुभव का पूरा लाभ उठाना चाहती है ताकि मिशन रिपीट के सपने को साकार किया जा सके। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के साथ वीरवार को नई दिल्ली में हुई मुलाकात को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। 

Pro-Kabaddi में खेलेंगे ऊना के 3 खिलाड़ी, सुरेन्द्र बने यू-मुम्बा टीम के कप्तान
प्रो-कबड्डी में ऊना क्षेत्र के गांव देहलां निवासी 3 खिलाड़ी भी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इनमें से एक सुरेन्द्र सिंह को यू-मुम्बा टीम का कप्तान बनाया गया है, वहीं विशाल भारद्वाज और आकाश चौधरी भी इस सीजन में खेलेंगे। देहलां के सुरेन्द्र 5वां सीजन खेलेंगे जबकि विशाल का यह छठा और आकाश का यह तीसरा सीजन होगा।

सदियों बाद कुल्लू दशहरे में पहुंचे बिशल के आराध्य देव शेषनाग
विश्व के सबसे बड़े देव महाकुंभ में सैंकड़ों देवी-देवता कुल्लू के ढालपुर मैदान में पहुंच चुके हैं। इस बार घाटी के करीब 10 देवी-देवता ने पहली बार दशहरा उत्सव में भाग लिया है लेकिन कई देवी-देवता ऐसे भी हैं जो सदियों के बाद भगवान रघुनाथ जी से मिलने आए हैं। बाह्य सराज आनी क्षेत्र के बिशल के आराध्य देवता शेषनाग ने सदियों बाद देव महाकुंभ में भाग लिया।

कंदरौर चौक में सेवानिवृत्त सैनिक के साथ हादसा, ऐसे मिली खौफनाक मौत
राष्ट्रीय राजमार्ग-103 पर कंदरौर चौक में ट्रक के नीचे आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार आर्मी से सेवानिवृत्त कैप्टन कांशीराम पुत्र हरिमन निवासी दली जिला बिलासपुर वीरवार को निजी कार्य से कंदरौर आए थे। 

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा : ढोल-नगाड़ों की धुनों पर निकली भगवान नरसिंह की शाही जलेब
अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव यानी देव महाकुम्भ के आज दूसरे दिन ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह के अस्थायी शिविर से भगवान नरसिंह की शाही जलेब धूमधाम से निकली। भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने नरसिंह भगवान की पालकी में सवार होकर ढाल व तलवार को पकड़कर दशहरा मैदान के चारों तरफ सुरक्षा घेरा लगाया। 

अधिशासी अभियंता की गाड़ी में मिली लाखों रुपए की रिश्वत
चम्बा जिला के जनजातीय क्षेत्र पांगी के जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता की गाड़ी से विजिलैंस टीम ने 1 लाख 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। विजिलैंस की टीम को यह सफलता उस समय मिली जब उक्त अधिकारी 4 अक्तूबर को पांगी से वाया लाहौल होकर कुल्लू जा रहा था। उसी दौरान विजिलैंस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक ठेकेदार से उसने बिल पास करवाने की एवज में रिश्वत ली है, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए टीम ने मनाली के बकां के समीप नाकाबंदी की।

ब्यास नदी में डूबे 2 युवकों की तलाश में चला सर्च ऑप्रेशन, एक का शव बरामद
देहरा में बुधवार को ब्यास नदी में डूबे 2 युवकों में से एक युवक का शव वीरवार को बरामद हो गया है जबकि दूसरे का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। एनडीआरएफ की टीम डूबे हुए लड़के को खोजने के लिए जब देहरा पहुंची तो एक लड़के का शव ब्यास नदी में तैर रहा था। एनडीआरएफ  की टीम ने शव को निकाल कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान साहिल पुत्र विजय कुमार निवासी देहरा के रूप में हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News