हिमाचल में बारिश ने मचाया कहर, चम्बा के मिंजर मेले को अंतर्राष्ट्रीय मेले का दर्जा, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Aug 01, 2022 - 12:28 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में रविवार को मौसम ने जमकर कहर बरपाया। वहीं चम्बा पहुंचे सीएम जयराम ने मिंजर मेले को अंतर्राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की और अधिसूचना भी जारी की। विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने मां चिंतपूर्णी की सौंगध खाते हुए कर्मचारियों को पुरानी पैंशन बहाल करने की बात कही है। काजा-मनाली मार्ग पर छतडू में 100 से अधिक लोग फंसे होने की सूचना है। चम्बा के चुराह उपमंडल में 2 दुकानें आग की भेंट चढ़ गईं, जिससे लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

बारिश के चलते सतौन के नजदीक धंसा नैशनल हाईवे-707
रविवार को बारिश के चलते पांवटा साहिब-शिलाई नैशनल हाईवे-707 पर सतौन के नजदीक कच्ची ढांक के पास सड़क धंसने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने कंपनी की मशीनें लगाकर करीब 3 घंटे में सड़क को बहाल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को करीब 4 बजे कच्ची ढांक के पास सड़क धंस गई। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं

मुकेश अग्निहोत्री ने खाई मां चिंतपूर्णी की सौगंध
जयराम सरकार सरकारी कर्मचारियों को कोई लाभ देने वाली नहीं है। कर्मचारियों के लिए सरकार के पास बार-बार झूठे आश्वासनों के अलावा कुछ नहीं बचा है। यह बात टाहलीवाल में आयोजित युवा कांग्रेस की आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों की पैंशन बंद की जा रही है।

मिंजर मेले को अंतर्राष्ट्रीय मेले का दर्जा
ऐतिहासिक मिंजर मेले के समापन अवसर पर चम्बा पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चम्बा वासियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने मिंजर मेले को अंतर्राष्ट्रीय मेले का दर्जा देने की घोषणा की, साथ ही इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अखबारों में मिंजर को अंतर्राष्ट्रीय मेला पढ़ा था और लोगों से भी सुना था लेकिन जब जांच की तो पूर्व में रही सरकारों ने इसे अंतर्राष्ट्रीय दर्जा नहीं दिया था लेकिन अब से मिंजर मेला अधिकारिक तौर पर अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेले के नाम से जाना जाएगा।

हिमाचल में बारिश का कहर, 44 सड़कें व 100 ट्रांसफॉर्मर बंद
हिमाचल में मानसून जमकर बरस रहा है। जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में फ्लैश फ्लड की घटनाओं से जानमाल का भारी नुक्सान हो रहा है। कांगड़ा, हमीरपुर, सिरमौर और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर रविवार को जमकर बारिश हुई। इससे नदी-नाले उफान पर रहे। लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचे इलाकों में रविवार को हल्की बर्फबारी हुई, जिससे मौसम सर्द हो गया है।

मनाली में ब्यास नदी में आई बाढ़
जिला कुल्लू में रविवार सुबह से ही भारी बारिश का दौर चल रहा है, जिसके चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। वहीं पर्यटन नगरी मनाली में भी ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है, जिसके चलते प्रशासन ने बाहंग व आसपास के इलाकों में नदी किनारे स्थित घर खाली करवा दिए हैं। ब्यास नदी में आई बाढ़ के चलते गोषाल गांव की ओर जाने वाला अस्थाई पुल एक बार फिर से बह गया है।

चम्बा में कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम जयराम
कांग्रेस बेरोजगार यात्रा निकाल रही है। उन्होंने तो जैसे प्रदेश में कोई बेरोजगार छोड़ा ही नहीं था। मानो सबको रोजगार दे दिया हो। प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस ने ही राज किया लेकिन बेरोजगारों को वोट बैंक के लिए ही इस्तेमाल किया। आऊटसोर्स कर्मियों से नारे लगवाए गए। उन्हें कहा गया कि उन्हें नियमित किया जाएगा, स्थिति सबके सामने है। अब बेरोजगार यात्रा निकाल रहे।

काजा-मनाली मार्ग पर छतडू में 100 से अधिक लोग फंसे
काजा से मनाली आ रहे पर्यटक छतडू के पास भूस्खलन होने व डोहरनी नाले में बाढ़ आने से दिक्कत में पड़ गए। रविवार को हुई भारी बारिश कई लोगों के लिए आफत बन गई। हालांकि जानमाल का कोई नुक्सान नहीं हुआ लेकिन नालों में बाढ़ आने से लोगों की दिक्कत बढ़ गई। डोहरनी नाले में बाढ़ आने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। काजा से आ रहे पर्यटकों सहित अन्य लोग डोहरनी नाले में बाढ़ आने से छतडू में फंस गए।

होटल मैनेजमैंट की पढ़ाई कर रहे युवक ने उठाया खौफनाक कदम
शिमला जिले के उपमंडल रामपुर के नजदीक अप्पर डकोल्ड में एक युवक ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की शिनाख्त पंकज कुमार के रूप में हुई है। युवक उत्तराखंड के ऋषिकेश से होटल मैनेजमैंट की पढ़ाई कर रहा था। बीते रोज ही वह ऋषिकेश से वापस अपने पिता के पास लौटा था। 

ढालपुर में मुख्य डाकघर से 65 लाख रुपए चुराने का प्रयास
पुलिस ने जिला मुख्यालय स्थित मुख्य डाकघर ढालपुर में चोरी करने के मकसद से घुसे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड में रखने के आदेश हुए हैं। पुलिस के अनुसार गत रात डाकघर में एक शातिर घुस गया और उसने चोरी करने का प्रयास किया।

2 दुकानों में आग लगने से 10 लाख का नुक्सान
चम्बा जिले के उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत सत्यास के दुमास में शनिवार देर रात अचानक 2 दुकानों में भीषण आग लग गई। आग से दुकानों में रखा सामान राख हो गया है। इससे काफी नुक्सान हुआ है। जानकारी के अनुसार चम्बा-पांगी मार्ग पर दुमास नामक स्थान पर मान सिंह व लाल चंद निवासी दुमास की दुकानें थीं। शनिवार शाम को दोनों अपनी दुकानें बंद करके घर चले गए थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News