हिमाचल में बिना बारिश के दरकी पहाड़ी, चलती बस पर गिर मलबा...मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Sep 10, 2026 - 11:29 AM (IST)

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब ब्यास पुल के समीप एक निजी बस भूस्खलन की चपेट में आ गई। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन बिना बारिश के पहाड़ी दरकने की इस घटना ने इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की सुरक्षा और पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  वीरवार सुबह करीब 7:30 बजे एक निजी बस सुजानपुर से पालमपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सुजानपुर-ब्यास नदी के पुल के समीप पहुंची तो अचानक पहाड़ी से भारी मलबा बस के एक हिस्से पर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से बस क्षतिग्रस्त हो गई है। सुजानपुर पुलिस थाना के एसएचओ प्रकाश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री सवार नहीं था। वाहन में केवल चालक और परिचालक मौजूद थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इस घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इलाके में फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। बिना बारिश के अचानक ल्हासा गिरने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। इससे यह संकेत मिलता है कि पहाड़ी का यह हिस्सा काफी कमजोर हो चुका है और कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

स्थानीय निवासियों के मुताबिक सुजानपुर-ब्यास मार्ग का यह हिस्सा एक डेंजर जोन बन चुका है। बरसात के दिनों में मलबा और पत्थर गिरने से इस सड़क का बंद होना आम बात है, लेकिन अब आम दिनों में भी यह खतरा बना हुआ है। पूर्व में भी चलती बसों और अन्य वाहनों पर पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए थे।

लगातार मंडरा रहे इस खतरे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। लोगों की मांग है कि इस खतरनाक पहाड़ी हिस्से की भूगर्भीय और तकनीकी जांच करवाई जाए तथा सुरक्षा दीवार या अन्य एहतियाती इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी संभावित जानलेवा दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News