भीषण अग्रिकांड में 3 आशियाने व 2 गऊशालाएं राख, जिंदा जले मवेशी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 13, 2016 - 07:39 PM (IST)

चम्बा: ग्राम पंचायत अठलुंई के गांव गुणू में अचानक आग लग गई जिससे 3 मकान जलकर राख हो गए। जानकारी के अनुसार मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे सुरेश पुत्र नानकू, दीपक पुत्र नानकू, ज्ञानो पुत्र हरदेऊ, प्रकाश चंद पुत्र ज्ञानू व देस राज पुत्र ज्ञानू केघर इस आग की भेंट चढ़कर राख हो गए जबकि एक अन्य घर को लगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, वहीं ज्ञानो व प्रकाशो की गऊशाला में बंधे 6 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। 

घटना के समय घरों में नहीं था कोई
इन घरों में जिस समय आग लगी उस समय ज्ञानो के घर की महिला सदस्य घर के समीप कार्य में व्यस्त थी जबकि गांव के अन्य सभी लोग मनरेगा में दिहाड़ी लगाने गए हुए थे। जब महिला ने घर में लगी आग को देखा तो वह चीखने लगी। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा आग बुझाने का काफी प्रयास किया परंतु वे सफल नहीं हो पाए। वहीं घर के साथ लगते अन्य 2 घर भी पूरी तरह से जल गए। आग ने एक अन्य मकान को भी अपनी चपेट में लिया लेकिन ग्रामीणों ने उसे जलने से बचा लिया। इस घटना से लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। 

प्रभावितों की मिलेगी हरसंभव सहायता : डी.सी.
डी.सी. चम्बा सुदेश मोख्टा ने बताया कि सूचना मिलते ही एस.डी.एम. चम्बा व अग्निशमन विभाग को मौके पर जाने के निर्देश दिए हैं और उन्हें प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री मुहैया करवाने के लिए भी कहा है। प्रशासन द्वारा प्रभावितों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। वहीं पंचायत प्रधान अठलुंई पुन्नी देवी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर मौके का जायजा लिया है। प्रथम दृष्टि में लाखों का नुक्सान हुआ है। पंचायत की ओर से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता मुहैया करवाई जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News