Himachal Weather: हिमाचल में इस दिन तक बारिश-बर्फबारी का Alert, गाइडलाइन जारी

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:06 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण प्रदेश में 3 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने रविवार को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

तापमान और मौसम का हाल

अगले दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है। हालांकि शनिवार को कई हिस्सों में धूप खिली रही। 31 मार्च और 1 अप्रैल को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन 2 और 3 अप्रैल को फिर से कई स्थानों पर तेज बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

अटल टनल में आवाजाही पर रोक

भारी बर्फबारी के कारण अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर सुरक्षा के मद्देनजर पाबंदियां लगा दी गई हैं। प्रशासन ने फिलहाल सोलंग बैरियर से आगे टू-व्हीलर और 2-व्हील ड्राइव (4x2) वाहनों के जाने पर रोक लगा दी है।

यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश

डीएसपी केडी शर्मा ने आम जनता और पर्यटकों को सलाह दी है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें। दुर्गम रास्तों पर केवल 4x4 वाहनों का ही उपयोग करें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News