CM सुक्खू ने उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में उठाए हिमाचल के मुद्दे, सोनिया गांधी व प्रियंका वाड्रा पहुंचीं शिमला, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Sep 26, 2023 - 11:51 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार सुबह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ वाटर सैस एवं द्विपक्षीय मुद्दों को लेकर अमृतसर में बैठक की। वहीं उन्होंने केंद्र सरकार से प्राकृतिक आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष राहत पैकेज प्रदान करने एवं आपदा राहत कोष के प्रचलित मानदंडों में व्यावहारिक संशोधन की मांग की है। सस्ते राशन के डिपुओं में उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी यानी आधार संख्या पंजीकृत करवाने के लिए मात्र 4 दिन हैं। राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा मंगलवार को शिमला पहुंची हैं। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि एशियाई खेलों के लिए चीन को भारत के हर खिलाड़ी को वीजा देना चाहिए था। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सरकारी नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश के उद्योग बर्बाद हो रहे हैं। राज्य के विभिन्न थानों में क्रिप्टो करंसी के दर्ज हुए मामलों की जांच के लिए आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय टीम गठित कर दी है। कोविड वाॅरियर्ज ने स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। पुलिस ने 2 हैरोइन तस्कर गिरोह को भंडाफोड़ किया है। जिला ऊना के गगरेट पुलिस थाना के तहत बहुचर्चित बन गए एनडीपीएस एक्ट के मामले की जांच अब सीआईडी को सौंपी गई है। जिला ऊना के लोअर बसाल में एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
सीएम सुक्खू की पंजाब के सीएम के साथ वाटर सैस व द्विपक्षीय मामलों को लेकर चर्चा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार सुबह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ वाटर सैस एवं द्विपक्षीय मुद्दों को लेकर अमृतसर में बैठक की। इस दौरान विशिष्ट जनों के बीच विकासात्मक कार्यों को लेकर चर्चा हुई। पंजाब के मुख्यमंत्री से मुलाकात के अलावा मुख्यमंत्री स्वर्ण मंदिर, दुर्गियाना मंदिर, जलियांवाला बाग व संग्रहालय देखने भी पहुंचे।
सीएम सुक्खू ने केंद्र से आपदा प्रभावित हिमाचल के लिए मांगा विशेष राहत पैकेज
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से प्राकृतिक आपदा प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष राहत पैकेज प्रदान करने एवं आपदा राहत कोष के प्रचलित मानदंडों में व्यावहारिक संशोधन की मांग की है। उन्होंने केंद्र सरकार से पड़ोसी राज्यों के साथ हिमाचल के हितों से संबंधित विभिन्न मामलों को त्वरित सुलझाए जाने की मांग भी की है।
डिपुओं में 30 सितम्बर तक करवा लें E-KYC वरना ब्लॉक हो जाएगा राशनकार्ड
सस्ते राशन के डिपुओं में उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी यानी आधार संख्या पंजीकृत करवाने के लिए मात्र 4 दिन हैं। यदि उपभोक्ताओं ने डिपुओं में ई-केवाईसी नहीं करवाई तो उपभोक्ताओं का राशनकार्ड अस्थायी तौर पर ब्लॉक कर दिया जाएगा। राशनकार्ड ब्लॉक होने के बाद उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलेगा। आधार संख्या पंजीकृत करवाने के बाद ही फिर से उपभोक्ताओं को राशन मिलेगा।
सोनिया गांधी व प्रियंका वाड्रा पहुंचीं शिमला, पुलिस ने छराबड़ा में सुरक्षा बढ़ाई
राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा मंगलवार को शिमला पहुंची हैं। जानकारी के मुताबिक वे मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे के आसपास शिमला के समीप छराबड़ा स्थित अपने आशियाने में पहुंचीं। प्रियंका वाड्रा हाल ही में गत 14 सितम्बर को 2 दिन शिमला में रुकने के बाद वापस लौट गईं थीं।
चीन को भारत के हर खिलाड़ी को वीजा देना चाहिए : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा है कि एशियाई खेलों के लिए चीन को भारत के हर खिलाड़ी को वीजा देना चाहिए था। चीन का यह व्यवहार अच्छा नहीं है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। अनुराग ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
जयराम ने लगाया आरोप, बोले-सरकारी नीतियों से बर्बाद हो रहे हिमाचल के उद्योग
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि सरकारी नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश के उद्योग बर्बाद हो रहे हैं। ऐसे में नए उद्योग आना तो दूर पहले से चल रही इकाइयां भी पलायन को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकार की तरफ से उद्योगों को बिजली सहित जो रियायतें दी जाती थीं, उसे खत्म करके नुक्सान पहुंचाया जा रहा है।
क्रिप्टो करंसी के दर्ज मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित
राज्य के विभिन्न थानों में क्रिप्टो करंसी के दर्ज हुए मामलों की जांच के लिए आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर की अध्यक्षता में 8 सदस्यीय टीम गठित कर दी है। इसके अलावा 5 लोगों को एसआईटी सदस्य बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। एसआईटी के अध्यक्ष अभिषेक दुल्लर मौजूदा समय में डीआईजी नॉर्दन रेंज के पद पर आसीन हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन पर कोविड वाॅरियर्ज ने 8 दिन बाद स्थगित किया आंदोलन
पिछले 8 दिनों से अपनी मांगों को लेकर चौड़ा मैदान में डटे रहे कोविड वाॅरियर्ज ने मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। कोविड वाॅरियर्ज का एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल से मिला। मंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी फाइल स्वास्थ्य विभाग ने तैयार कर ली है, जिसमें उनकी सेवाओं को नियमित करने और पॉलिसी बनाने सहित विभाग में मर्जर को लेकर है।
2 हैरोइन तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दंपति सहित 16 सदस्य गिरफ्तार
पुलिस ने 2 हैरोइन तस्कर गिरोह को भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक दंपति भी शामिल है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक तस्कर ने तो शिमला के एक व्यक्ति के साथ करीब 3 लाख के सेब के बदले हैरोइन देने की डील भी की।
डीजीपी ने सीआईडी को सौंपी गगरेट के बहुचर्चित एनडीपीएस मामले की जांच
जिला ऊना के गगरेट पुलिस थाना के तहत बहुचर्चित बन गए एनडीपीएस एक्ट के मामले की जांच अब सीआईडी को सौंपी गई है। इस मामले की शीघ्र से जांच करने और मामले के तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचने तथा निष्पक्ष व पारदर्शी जांच को लेकर पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने इस मामले को सीआईडी को सौंपा है।
पेपर देने के बाद खड्ड में नहाने उतरे 2 छात्र, एक की मौत
मंडी जिले के कोटली क्षेत्र में स्कूल से पेपर देने के बाद अर्नोड़ी खड्ड में नहाने उतरे 2 छात्रों में से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा अस्पताल में उपचाराधीन है। जानकारी के अनुसार कोटली के निजी स्कूल के 8वीं कक्षा के 2 छात्र तरुण कुमार और मंजुल साढ़े 12 बजे पेपर देने के बाद अपने दोस्तों के साथ अर्नोड़ी खड्ड में नहाने चले गए।
ऊना के लोअर बसाल में महिला की हत्या, कमरे का दृश्य देख लोगों के उड़े होश
जिला ऊना के लोअर बसाल में एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रेणु (28) पत्नी राजू निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। उक्त महिला पिछले करीब एक महीने से किराए के मकान में अकेली रह रही थी। वह रोजाना सुबह गांव में ही स्थित एक उद्योग में काम करने के लिए जाती थी।