हिमाचल में आज 9 जिलों में बाढ़ का अलर्ट, सरकार ने 9 HPS अधिकारियों के किए तबादले, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2023 - 01:02 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में बारिश ने खूब कहर बरपाया है। प्रदेश सरकार ने 9 एचपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। शिमला में मूसलाधार बारिश से हर तरफ तबाही मच गई है। प्रदेश सरकार ने 56 एसोसिएट प्रोफैसर को काॅलेज प्रिंसीपल के पद पर प्रमोशन दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि भंग किए जा चुके हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के स्थान पर नए भर्ती आयोग की अधिसूचना शीघ्र जारी होगी। भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में रात से जारी भारी बारिश से 6 लोगों की मौत की सूचना है। शिमला के समीप बल्देयां के शोल गांव में प्रवासी दंपति की भूस्खलन के कारण मौत हो गई है। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-चंडीगढ़ व हरियाणा को आपस में जोड़ने वाला बद्दी का मुख्य पुल मंगलवार रात को हुई भारी बारिश की भेंट चढ़ गया। कांगड़ा जिला के पालमपुर में चिट्टे की ओवरडोज से हुई युवक की मौत मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। मशोबरा ब्लॉक की पीरन पंचायत के डुमैहर में निर्माणाधीन गेट गिरने से गेट के साथ खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 7 विषयों पर ली गई अध्यापक पात्रता परीक्षा जून-2023 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
हिमाचल में आने वाले 24 घंटे भारी, 9 जिलों में बाढ़ का रैड अलर्ट
हिमाचल में बारिश ने खूब कहर बरपाया है। मौसम विभाग की तरफ से आगामी 24 घंटों के लिए 6 जिलों में भारी बारिश और 9 जिलों में बाढ़ आने का रैड अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश बिलासपुर के भराड़ी में रिकाॅर्ड की गई, जहां पर 213 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि शिमला जिला में 132 मिलीलीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।
प्रदेश सरकार ने किए 9 HPS अधिकारियों के तबादले
प्रदेश सरकार ने 9 एचपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इसके तहत एएसपी फिफ्थ आईआरबी बस्सी नरेन्द्र कुमार को एएसपी सिरमौर, एएसपी सिरमौर सोम दत्त को एएसपी फिफ्थ आईआरबी बस्सी, डीएसपी पीटीसी डरोह अमित ठाकुर को डीएसपी लीव रिजर्व शिमला, डीएसपी सिटी शिमला तजिंदर कुमार को डीएसपी सैकेंड आईआरबी सकोह, एसडीपीओ कांगड़ा मदन लाल धीमान को...
शिमला में भारी बारिश ने मचाई तबाही, नवबहार में बादल फटने से कई वाहन मलबे में दबे
शिमला में मूसलाधार बारिश से हर तरफ तबाही मच गई है। मंगलवार रात से हो रही बारिश ने एक बार शहर के लोगों को डरा दिया है। शहर के नवबहार में सुबह बादल फटने से शानान तक काफी नुक्सान हो गया है और कई वाहन मलबे में दब गए हैं। मूसलधार बारिश का अंदेशा देख कर शानान में पहले से 20 मकानों को खाली करवा लिया गया था।
56 एसोसिएट प्रोफैसर को 5 वर्ष बाद मिला पदोन्नति का तोहफा
प्रदेश सरकार ने 56 एसोसिएट प्रोफैसर को काॅलेज प्रिंसीपल के पद पर प्रमोशन दी है। 5 वर्ष बाद काॅलेज में शिक्षकों को यह प्रमोशन मिली है। इससे पहले वर्ष 2018 में काॅलेज प्रिंसीपल बनाए गए थे। प्रदेश सरकार ने इस दौरान इन्हें रैगुलर प्रमोशन दी है। इसके साथ ही पिछले दिनों काॅलेज में प्लेसमैंट के तहत लगाए गए प्रिंसीपल को भी रैगुलर कर दिया गया है।
कर्मचारी चयन आयोग के स्थान पर होगा नए भर्ती आयोग का गठन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि भंग किए जा चुके हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के स्थान पर नए भर्ती आयोग की अधिसूचना शीघ्र जारी होगी। नए आयोग की रूपरेखा पर सिफारिशें देने के लिए गठित समिति के अध्यक्ष दीपक शानन ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नए भर्ती आयोग की कार्यक्षमता पर एक प्रस्तुति दी।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर हिमाचल में जश्न का माहौल
भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर हिमाचल प्रदेश में भी जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नेताओं ने इसके लिए इसरो वैज्ञानिकों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बुधवार को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
मंडी के सराज में भारी बारिश का कहर, कई घर जमींदोज...6 लोगों की मौत
मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में रात से जारी भारी बारिश से 6 लोगों की मौत की सूचना है। इसमें कुकलाह में एक, अनाह में एक, जैंसला में 2 और कलहणी पंचायत में 2 लोग काल का ग्रास बने हैं। कशौड़ पंचायत में कई घर जमींदोज हो गए हैं जबकि उपमंडल गोहर, बालीचौकी तथा थुनाग क्षेत्रों की विभिन्न पंचायतों में 100 से अधिक रिहायशी मकानों के पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
शोल गांव में भूस्खलन से दंपति की मौत, लोगों के जख्म फिर हुए हरे
शिमला के समीप बल्देयां के शोल गांव में प्रवासी दंपति की भूस्खलन के कारण मौत हो गई है। इस हादसे ने एक बार फिर लोगों के जख्मों को हरा कर दिया है। पुलिस चौकी मशोबरा के तहत सूचना मिली कि शोल गांव में कंस्ट्रक्शन साइट में काम कर रहा एक दंपति भूस्खलन के कारण दब गया है। पति-पत्नी के शव मलबे से बरामद कर लिए गए हैं।
बारिश की भेंट चढ़ा बद्दी का मुख्य पुल, चंडीगढ़-हरियाणा का कनैक्शन टूटा
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-चंडीगढ़ व हरियाणा को आपस में जोड़ने वाला बद्दी का मुख्य पुल मंगलवार रात को हुई भारी बारिश की भेंट चढ़ गया। यही नहीं, पंजाब-चंडीगढ़ व बद्दी को आपस में जोड़ने वाला नवांनगर पुल भी तेज बारिश से हिल गया व एहतिहातन आज सुबह इस पुल पर एक तरफ की ट्रैफिक रोककर रखनी पड़ी।
रेनसनाला ने धरा रौद्र रूप, मंडी-कुल्लू फोरलेन की सुरंगों में घुसा मलबा और पानी
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर मंडी-कुल्लू मार्ग पर हनोगी से झलोगी के लिए 5 सुरंगें यातायात के लिए खोल दी गई हैं, जिससे लगता था कि बरसात के समय इस जगह से गुजरने में सुविधा मिलेगी मगर इस बार तो बरसात ने भारी तबाही मचा कर रख दी है। बरसात के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। सड़कें टूट रही हैं।
चिट्टे की ओवरडोज से युवक की मौत मामले में 3 गिरफ्तार
हाथ में सिरिंज के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवक प्रकरण को लेकर पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। जांच में सामने आया है कि उक्त युवक की मौत चिट्टे की ओवरडोज से हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
डुमैहर में निर्माणाधीन गेट गिरने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत
मशोबरा ब्लॉक की पीरन पंचायत के डुमैहर में निर्माणाधीन गेट गिरने से गेट के साथ खेल रहे 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान हर्षित शर्मा पुत्र नारायण दत्त शर्मा के रूप में की गई है। नायब तहसीलदार जुन्गा रविंद्र सिसोदिया ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की तथा प्रशासन की ओर से 25 हजार की राशि फौरी राहत के रूप में मृतक के परिजनों को प्रदान की है।
अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम घोषित, जानिए कितने प्रतिशत अभ्यर्थी हुए पास
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 7 विषयों पर ली गई अध्यापक पात्रता परीक्षा जून-2023 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। बोर्ड द्वारा अब तक ली गई अध्यापक पात्रता परीक्षाओं का यह सबसे खराब परीक्षा परिणाम है। इस परिणाम के तहत एक भी विषय में अभ्यर्थियों की पास प्रतिशतता 25 फीसदी को पार नहीं कर पाई है।