हिमाचल में कुदरत के कहर से एक दिन में 51 लोगों की मौत, CM सुक्खू को आया दिल्ली से फोन, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें
punjabkesari.in Tuesday, Aug 15, 2023 - 05:43 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): रविवार को रैड अलर्ट के बीच भूस्खलन, बाढ़ आने, बादल फटने और इमारतों के जमींदोज होने की घटनाओं में लगातार बारिश से बीते 24 घंटों में 51 लोगों की राज्य में मौत हो गई है, जबकि लगभग 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इनमें सबसे अधिक मंडी जिले में 19, शिमला में 14, सोलन में 10, हमीरपुर में 3, सिरमौर में 1, चम्बा में 1 और कांगड़ा में 3 लोग शामिल हैं। अभी कई लोग मलबे में लोग फंसे हैं और राहत व बचाव कार्य लगातार चला हुआ है, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा होने का अंदेशा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की तथा कहा कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार प्रदेश के साथ खड़ी है।
पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां
51 लोगों की मौत, 10 के मलबे में दबे होने की आशंका, 18 तक यैलो अलर्ट
रविवार को रैड अलर्ट के बीच भूस्खलन, बाढ़ आने, बादल फटने और इमारतों के जमींदोज होने की घटनाओं में लगातार बारिश से बीते 24 घंटों में 51 लोगों की राज्य में मौत हो गई है, जबकि लगभग 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। इनमें सबसे अधिक मंडी जिले में 19, शिमला में 14, सोलन में 10, हमीरपुर में 3, सिरमौर में 1, चम्बा में 1 और कांगड़ा में 3 लोग शामिल हैं। अभी कई लोग मलबे में लोग फंसे हैं और राहत व बचाव कार्य लगातार चला हुआ है, जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा होने का अंदेशा है।
बादल फटने से हुए भूस्खलन में दो मकान जमींदोज, 4 बच्चों सहित 7 की मौत
कंडाघाट विकास खंड के ममलीग ग्राम पंचायत के जडौन में बादल फटने से हुए भूस्खलन से दो मकान जमींदोज हो गए। इसमें एक ही परिवार के चार बच्चों सहित सात लोगों की दबने से मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला बुरी तरह घायल से हो गई जिसे उपचार के लिए सी.एच.सी. सायरी में भर्ती किया गया है। सोमवार सुबह करीब 3 बजे सेरीघाट-नेरी रोड पर बादल फटने से हुए भूस्खलन से जडौन गांव में भारी तबाही मच गई।
भारी बारिश से हुए नुक्सान को लेकर मुख्यमंत्री की हाई लेवल मीटिंग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले 2 दिन से हो रही भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश के इतिहास में एक दिन में सबसे अधिक 41 लोगों की बहुमूल्य जान गई है, जबकि 13 लोग अभी भी लापता हैं। भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति का जायजा लेने के लिए शिमला में बुलाई गई एक आपात बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि परेड में स्थानीय पुलिस और एस.डी.आर.एफ. के जवान शामिल नहीं होंगे। वे बचाव कार्यों में ही शामिल होंगे।
दीवार ढहने से दो बच्चों की मौत
ग्राम पंचायत साई के चलोग गांव में बारिश से एक गरीब परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट गया है। बीती रात को हुई बारिश से एक कच्चे घर की दीवार ढहने से दो बच्चों की मौत हो गई। तहसीलदार अर्की रमन ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात को बारिश होने के कारण साई पंचायत के चलोग निवासी जगदीश के कच्चे मकान की पिछली दीवार गिर गई, जिसकी वजह से जगदीश का बेटा यादव (14) व उसकी भान्जी तमन्ना (21) की मिट्टी के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
शिव बावड़ी मंदिर में भूस्खलन, 9 की मौत
शिव बावड़ी मंदिर समरहिल के ढहने से 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि मलबे में अभी 10 लोगों के दबे होने की आशंका है, जिन्हें निकालने के लिए राहत व बचाव कार्य जारी है। सावन का सोमवार होने के कारण सुबह से ही समरहिल के शिव मंदिर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। भारी बारिश के चलते सुबह करीब 7.15 बजे धमाके के साथ भारी मलबा पेड़ों समेत मंदिर पर आ गिरा।
मुख्यमंत्री से अमित शाह व नड्डा ने टैलीफोन पर की बात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की तथा कहा कि आपदा की इस घड़ी में केंद्र सरकार प्रदेश के साथ खड़ी है। प्रदेश को जो भी केंद्र से सहयोग की आवश्यकता होगी उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा, वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊना, सोलन, सिरमौर, मंडी व शिमला में जगह-जगह भारी बारिश, बादल फटने व भूस्खलन की त्रासदी से हुए जान-माल के नुक्सान और तबाही के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व अन्य भाजपा नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
क्लेशधार में मकान गिरने से 7 लोगों की दबने से मौत
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कमांद पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले सेगली से करीब 1 किलोमीटर गांव क्लेशधार में मकान गिरने से 7 लोगों की दबने से मौत हो गई है। मृतकों की पहचान रमेश कुमार (28) पुत्र गंगे राम, कोनीक (2) पुत्र रमेश कुमार, गायत्री देवी (28) पत्नी गुरदयाल, रीना देवी (28) पुत्री तुलसी राम, कमला देवी (28) पत्नी ओम प्रकाश, तुगेश्वरी (7) पुत्री ओम प्रकाश, हीरामणि (7) पुत्री डोले राम के रूप में हुई है।
676.37 फुट तक पहुंचा जलस्तर, खतरे के निशान से 3 फुट दूर
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने के कारण भाखड़ा बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जोकि आज खतरे के निशान से मात्र करीब 3 फुट दूर है और पानी की आवक पहले के मुकाबले काफी अधिक बढ़ रही है।
1.330 किलोग्राम कीड़ा जड़ी के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने हाथीथान में नाकाबंदी के दौरान एक वन तस्कर के कब्जे से 1.330 किलोग्राम कीड़ा जड़ी बरामद की है। इस जड़ी-बूटी को नैचुरल वियाग्रा के नाम से भी जाना जाता है। यह जड़ी-बूटी समुद्र तल से 9000 फुट से अधिक की ऊंचाई पर पाई जाती है। पकड़ी गई जड़ी-बूटी की बाजार कीमत 27 लाख रुपए है।
किन्नर कैलाश यात्रा भारी बारिश के कारण स्थगित
जिला किन्नौर में 15 से 30 अगस्त तक होने वाली यात्रा को मूसलाधार बारिश व खराब मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया है। जिला उपमंडलाधिकारी कल्पा डा. मेजर शशांक गुप्ता ने बताया कि किन्नौर जिले में हो रही मूसलाधार बारिश व खराब मौसम के मद्देनजर 15 अगस्त से प्रस्तावित किन्नर-कैलाश यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।