मंडी का अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव संपन्न, बल्क ड्रग पार्क ऊना के लिए केंद्र से 225 करोड़ मंजूर, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Feb 26, 2023 - 12:00 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में फरवरी माह ही गर्मी बढ़ने लगी है। बारिश-बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग के ज्यादातर अनुमान खाली जा रहे हैं। मंडी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव शनिवार को सम्पन्न हो गया। केंद्र सरकार ने राज्य के बल्क ड्रग पार्क ऊना के सामान्य बुनियादी ढांचे की सुविधाओं के विकास के लिए 225 करोड़ रुपए की सहायता अनुदान (ग्रांट इन एड) की प्रथम किस्त जारी की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा की नीतियां देश को बांटने वाली हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कांग्रेस सरकार द्वारा तमाशा किया जा रहा है। छोटी काशी मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन इलाका द्रंग के उत्तरशाल से शिरकत करने वाले प्राचीन देवता देव आदि ब्रह्मा ने मंडी शहर की परिक्रमा कर कार बांधी। चम्बा-खड़ामुख-होली मार्ग पर झिरड़ू के पास भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई है। हिमाचल प्रदेश में नशे के खात्मे के लिए स्टेट सीआईडी का खास अभियान प्रधाव आरंभ हो गया है। ऊना जिले के रामपुर-हरोली पुल पर टैम्पो और कार के बीच हुई टक्कर में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि अन्य 4 लोग घायल हो गए।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में बढ़ने लगी गर्मी, ऊना में 32 डिग्री के पार हुआ तापमान
हिमाचल में फरवरी माह ही गर्मी बढ़ने लगी है। बारिश-बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग के ज्यादातर अनुमान खाली जा रहे हैं। विंटर सीजन में बारिश व बर्फबारी अभी भी सामान्य से कम हुई है। लगातार खिल रही धूप से तामपान काफी ज्यादा बढ़ गया है। स्थिति यह है कि फ रवरी महीने में ही ऊना में तापमान 32 डिग्री को पार कर चुका है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना मेें शनिवार को अधिकतम तामपान 32.2 डिग्री दर्ज किया गया।

मंडी का अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव संपन्न
मंडी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव शनिवार को सम्पन्न हो गया। अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में पधारे देवी-देवता भक्तों को आशीर्वाद देकर अपने-अपने देवालय लौट गए। शनिवार को समापन समारोह की अध्यक्षता राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने की। उन्होंने देव माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना कर पड्डल मैदान तक निकाली गई देव माधोराय की भव्य जलेब में भी भाग लिया।

बल्क ड्रग पार्क ऊना के लिए केंद्र सरकार ने मंजूर किए 225 करोड़
केंद्र सरकार ने राज्य के बल्क ड्रग पार्क ऊना के सामान्य बुनियादी ढांचे की सुविधाओं के विकास के लिए 225 करोड़ रुपए की सहायता अनुदान (ग्रांट इन एड) की प्रथम किस्त जारी की है। यह सहायता अनुदान भारत सरकार द्वारा वर्ष 2020 में अधिसूचित बल्क ड्रग पार्क प्रोत्साहन योजना के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य कार्यान्वयन एजैंसी (एसआईए) के गठन और सहायता अनुदान प्राप्त होने पर प्रसन्नता जताई है। 

सीएम सुक्खू ने देश को बांटने वाली बताईं भाजपा की नीतियां
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि भाजपा की नीतियां देश को बांटने वाली हैं। इसके विपरीत कांग्रेस का इतिहास त्याग और बलिदान भरा रहा है, जिसके 2 प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश के लिए बलिदान दिया। ऐसे में भाजपा को अपना इतिहास भी बताना चाहिए कि उन्होंने देश के लिए क्या किया? सुखविंदर सिंह सुक्खू छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित कांग्रेस के महाधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। 

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन देव आदि ब्रह्मा ने मंडी शहर में बांधी सुरक्षा कार
छोटी काशी मंडी में अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन इलाका द्रंग के उत्तरशाल से शिरकत करने वाले प्राचीन देवता देव आदि ब्रह्मा ने मंडी शहर की परिक्रमा कर कार बांधी। इस दौरान मंडी शहर की सुरक्षा का वायदा करते हुए उन्होंने शहर वासियों को सभी तरह की बीमारियों व आसुरी शक्तियों से निजात दिलवाने का वायदा किया। बता दें कि यह एक पौराणिक और प्राचीन परंपरा है जो विरासत काल से चली आ रही है जिसका हर वर्ष परंपरा के साथ निर्वहन किया जाता है। 

झिरड़ू मोड़ पर दरकी पहाड़ी, चम्बा-खड़ामुख-होली मार्ग पर आवाजाही ठप्प
चम्बा-खड़ामुख-होली मार्ग पर झिरड़ू के पास भूस्खलन हो गया। इस कारण यह मार्ग यातायात के लिए अवरुद्ध हो गया है। मार्ग बंद होने से 3 बसें फंस गई हैं। इसमें एक दो निजी बसें व एक परिवहन निगम की बस शामिल है, वहीं कई छोटे-बड़े वाहनों के भी पहिए थम गए हैं जबकि चम्बा की ओर से आने वाली बसें भी समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकीं। इससे क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कांग्रेस सरकार कर रही तमाशा 
व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर कांग्रेस सरकार द्वारा तमाशा किया जा रहा है। कांगड़ा जिला के साथ अन्याय नहीं होने देंगे और न ही मंडी के साथ अन्याय होने दिया जाएगा। यह बात शनिवार को मंडी में प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। पूर्व सीएम ने कहा कि हमें बजट के प्रावधान की बातें न समझाएं। शिवधाम मेरा ड्रीम प्रोजैक्ट है।

नशे के खात्मे के लिए CID का खास अभियान प्रधाव शुरू
हिमाचल प्रदेश में नशे के खात्मे के लिए स्टेट सीआईडी का खास अभियान प्रधाव आरंभ हो गया है। इसकी शुरूआत शनिवार को राज्य पुलिस मुख्यालय से विचार मंथन के माध्यम से हुई। अभियान का शुभारंभ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया। इसमें तय हुआ कि नशे की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोला जाएगा।

भुंतर में पुलिस ने पकड़ी चरस की खेप, गुजरात के 2 युवक गिरफ्तार
पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए अभियान के तहत 2 युवकों को 513 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक भुंतर पुलिस थाने की टीम जछणी की तरफ गश्त पर थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम पिरामिड होटल के पास पहुंची तो वहां पर खड़े 2 युवक पुलिस को सामने देखकर घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 513 ग्राम चरस बरामद हुई।

रामपुर-हरोली पुल पर कार-टैम्पो की टक्कर में महिला की मौत
रामपुर-हरोली पुल पर टैम्पो और कार के बीच हुई टक्कर में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि अन्य 4 लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान ललड़ी निवासी रतनी देवी (80) के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर के समय रामपुर-हरोली पुल पर दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस टक्कर में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई जबकि टैम्पो को भी काफी क्षति पहुंची।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News