सुक्खू सरकार का पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, हिमाचल को मिलेगी कोविशील्ड की 1 लाख डोज, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Sunday, Jan 15, 2023 - 11:53 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में बर्फबारी के बाद परेशानियां कम नहीं हुई हैं। हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपना पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को अगले सप्ताह कोविशील्ड की एक लाख डोज जारी की जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला पहली बार होने जा रहे महिला आईपीएल का गवाह बन सकता है। सरकार जल्द उद्योगों के लिए वर्षों से चल रहे सिंगल विंडो सिस्टम को बंद करने जा रही है। हिमाचल में अवैध खनन माफिया को कुचलने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। देहरा के विधायक होशियार सिंह को जिला ऊना की एक ट्रक ऑप्रेटर्ज यूनियन के अध्यक्ष द्वारा मुंह काला करने वाले बयान के बाद विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर के माछल सैक्टर में एलओसी पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जिला हमीरपुर तलासी खुर्द के जवान अमित शर्मा की पार्थिव देह रविवार दोपहर बाद चंडीगढ़ पहुंच गई। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में एक मनचले युवक ने एक महिला के साथ छेड़खानी कर डाली। वहीं उत्तर प्रदेश के युवक द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। 

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल में बर्फबारी से 178 सड़कें व 5 ट्रांसफार्मर बंद
हिमाचल में बर्फबारी के बाद परेशानियां कम नहीं हुई हैं। दूसरे दिन भी प्रदेश में 178 सड़कों पर यातायात बंद हैं। सबसे ज्यादा सड़कें लाहौल-स्पीति जिले में बंद हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले में कुल 132 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा कुल्लू जिले में 32 सड़कें बंद हैं। किन्नौर और कांगड़ा जिले में 2-2 सड़कें बंद हैं जबकि चंबा में 1, मंडी में 7 और शिमला जिले में भी 2 सड़कें अभी तक बंद हैं। 

सुक्खू सरकार ने 13 IAS व 9 HAS अधिकारी बदले
हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने सत्ता में आने के बाद अपना पहला बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसके तहत 22 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसमें 13 आईएएस तथा 9 एचएएस अधिकारी शामिल हैं। बदले गए इन अधिकारियों में 9 एसडीएम (ठियोग, ऊना, नालागढ़, जोगिंद्रनगर, पांवटा साहिब, नूरपुर, बिलासपुर, जयसिंहपुर व काजा) भी शामिल हैं। इसके अलावा 4 एचएएस अधिकारियों को अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इस आश्य की अधिसूचना सरकार ने रविवार को जारी की है।

हिमाचल को मिलेगी कोविशील्ड की 1 लाख डोज, केंद्र ने दी मंजूरी
केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को अगले सप्ताह कोविशील्ड की एक लाख डोज जारी की जाएगी। राज्य सरकार ने केंद्र से इसकी मांग की थी, जिसकी मंजूरी मिल गई है। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग जल्द ही राज्य में वैक्सीनेशन अभियान शुरू करेगा। एनएचएम के मिशन निदेशक हेमराज बैरवा ने कहा कि केंद्र सरकार से अगले सप्ताह हिमाचल को कोविशील्ड की यह डोज मिल जाएगी। 

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में हो सकते हैं महिला IPL के मैच
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला पहली बार होने जा रहे महिला आईपीएल का गवाह बन सकता है। बीसीसीआई की ओर से शॉर्टलिस्ट किए गए स्टेडियम में धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम का नाम भी शामिल किया है। इससे पूरी संभावना जताई जा रही है कि महिला आईपीएल के कुछ मैच धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भी खेले जा सकते हैं। 

उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बंद, अब बनेगी लीगल बॉडी 
सरकार जल्द उद्योगों के लिए वर्षों से चल रहे सिंगल विंडो सिस्टम को बंद करने जा रही है। उद्योगों को अब संंवैधानिक दायर में गठित होने वाली लीगल बॉडी सभी विभागों से एनओसी उपलब्ध करवाएगी। उद्योग मंत्री बनने के बाद हर्षवर्धन चौहान ने मीडिया से कहा कि हिमाचल में उद्योगों के विस्तारीकरण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बंद करने का निर्णय लिया गया है, जिसकी जगह लीगल बॉडी कार्य करेगी। 

सुक्खू राज में नहीं चलेगी खनन माफिया की दादागिरी, एक्शन प्लान तैयार
हिमाचल में अवैध खनन माफिया को कुचलने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्य में हमेशा सुॢखयों में रहे अवैध खनन को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान सरकार में खनन माफिया की दादागिरी नहीं चलेगी। सूत्रों के अनुसार इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खनन माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों की लूट को पूरी तरह से बंद किया जाए। 

ट्रक ऑप्रेटर्ज संघ की धमकी के बाद MLA होशियार सिंह की सुरक्षा बढ़ाई
देहरा के विधायक होशियार सिंह को जिला ऊना की एक ट्रक ऑप्रेटर्ज यूनियन के अध्यक्ष द्वारा मुंह काला करने वाले बयान के बाद विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विधायक की सुरक्षा के लिए पहले एक पीएसओ तैनात था लेकिन अब 4 अन्य पुलिस कर्मी विधायक होशियार सिंह की सुरक्षा में लगा दिए हैं व पुलिस प्रशासन ने क्विक रिस्पाॅन्स टीम और बटालियन से अतिरिक्त पुलिस जवान भी मांगे हैं।

चंडीगढ़ पहुंची हमीरपुर के शहीद अमित शर्मा की पार्थिव देह
जम्मू-कश्मीर के माछल सैक्टर में एलओसी पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए जिला हमीरपुर तलासी खुर्द के जवान अमित शर्मा की पार्थिव देह रविवार दोपहर बाद चंडीगढ़ पहुंच गई। अब वहां से पार्थिव देह को सुबह शहीद अमित शर्मा के पैतृक गांव लाया जाएगा तथा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

हिमाचल में 2 डॉपलर वैदर राडार स्थापित
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. जितेंद्र सिंह द्वारा नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के लिए 2 डॉपलर वैदर राडार स्थापित करने के उद्घाटन समारोह में भाग लिया। यह राडार प्रदेश के मंडी जिले के मुरारी देवी व चम्बा जिले के जोत में स्थापित किए गए हैं।

रिज पर शराब के नशे में धुत्त युवक ने महिला से की अश्लील हरकतें
शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में एक मनचले युवक को एक महिला के साथ छेड़खानी करना उस समय महंग पड़ गया जब रिज पर गश्त कर रहे पुलिस वालों ने उसे धर दबोचा। जानकारी के अनुसार यह युवक दिनभर शराब के नशे में राह चलती महिलाओं के साथ छेड़खानी कर रहा था। इस बीच देर शाम भी वह एक महिला के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत करने लगा।

प्रेमिका ने दूसरी जगह कर ली शादी तो युवक ने उठा लिया ये खौफनाक कदम
शिमला जिले में उत्तर प्रदेश के युवक द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश का रहने वाला यह युवक काफी समय से डिप्रैशन में था। बताया जा रहा है कि इसकी प्रेमिका ने कहीं दूसरी जगह शादी कर ली थी, इस वजह से वह पिछले कई दिनों से परेशान था। वहीं इसी बीच बीती रात को युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। युवक की उम्र करीब 23 साल बताई जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News