सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सीएम व मुकेश अग्निहोत्री ने ली डिप्टी सीएम की शपथ, मंत्रियों के नाम पर फंसा पेंच, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2022 - 06:22 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): रविवार को प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, प्रदेश में पहली बार उप मुख्यमंत्री पद की शपथ मुकेश अग्निहोत्री ने ली। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बाद अब कांग्रेस में मंत्रियों के नामों पर पेंच फंस गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम पद की शपथ ग्रहण समारोह में पहुंची उनकी माता संसार देवी को राहुल गांधी ने स्टेज पर सीट दी। उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मेरी और सुक्खू की जोड़ी हिमाचल प्रदेश में नम्बर वन साबित होगी। हमीरपुर जिले से ताल्लुक रखने सुनील शर्मा को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का राजनीतिक सलाहकार बनाया गया है। हिमाचल प्रदेश के पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की सुरक्षा का जिम्मा डीएसपी बिन्नी मिन्हास संभालेंगे, वहीं उप मुख्यमंत्री को 2 ओएसडी भी मिले हैं। सचिवालय में नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के ऑफिस तैयार हो गए हैं और उनके नाम वाली पट्टिका भी लगा दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश के 3 नौजवानों ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बन कर न केवल अपने-अपने क्षेत्रों के साथ प्रदेश का नाम रोशन किया है। कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशा तस्करी की मुख्य सरगना को 10.49 ग्राम चिट्टे सहित काबू किया है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल प्रदेश में सुक्खू ने CM और अग्निहोत्री ने ली डिप्टी सीएम की शपथ
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर की मौजूदगी में रविवार को प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वहीं, प्रदेश में पहली बार उप मुख्यमंत्री पद की शपथ मुकेश अग्निहोत्री ने ली। शपथ ग्रहण में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

कांग्रेस में सीएम-डिप्टी सीएम के बाद मंत्रियों के नाम पर फंसा पेंच
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के बाद अब कांग्रेस में मंत्रियों के नामों पर पेंच फंस गया है। कांग्रेस सरकार में सीएम और डिप्टी सीएम के बाद अब 10 मंत्री बनाए जाने हैं, ऐसे में सभी नेता अपने-अपने समर्थक विधायक को मंत्री बनाने की लॉबिंग में जुट गए हैं। होलीलॉज से भी कई नाम आगे किए गए हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री भी अपने चहेते विधायकों को मंत्री बनाना चाह रहे हैं, ऐसे में मंत्रिमंडल के गठन का मामला उलझ गया है।

जब राहुल गांधी ने सुक्खू की माता को स्टेज पर दी सीट, पत्नी ने छुए प्रतिभा के पैर
सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम पद की शपथ ग्रहण समारोह के लिए उनकी माता संसार देवी भी शिमला पहुंचीं हुईं थीं। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा से मुलाकात की। वहीं  राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा विशेष रूप से उनका अभिवादन किया। मुलाकात के बाद जब वह स्टेज से जाने लगीं तो राहुल गांधी ने उन्हें रोक लिया तथा स्टेज पर सीट दी।

प्रदेश में नम्बर वन साबित होगी मेरी और सुक्खू की जोड़ी : मुकेश अग्निहोत्री
मेरी और सुक्खू की जोड़ी हिमाचल प्रदेश में नम्बर वन साबित होगी। प्रदेश के विकास को दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ाया जाएगा। पूर्व कांग्रेस सरकार में मैं जब मंत्री था तब सुखविंदर सुक्खू कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे और हमारा आपसी तालमेल बेहतर है। हम सब मिलकर एकजुटता के साथ प्रदेश के हित में काम करेंगे। 

हिमाचल में महिलाओं को 1500 रुपए व OPS समेत 10 गारंटियों पर प्रियंका के बाद मुख्यमंत्री ने भरी हामी
शिमला में मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कैबिनेट के विस्तार के बाद यह तय किया जाएगा कि कौन सी गारंटी योजना पहले की जाएगी। हमारी सरकार ने 10 गारंटी योजनाएं दी हैं और इन सभी योजनाओं को कांग्रेस पार्टी लागू करेगी। इससे पहले प्रियंका गांधी ने सुबह शिमला पहुंचने पर कहा था कि हम सभी बहुत खुश हैं। हमने जो भी वादा किया है हम उसे जल्द से जल्द लागू करना चाहते हैं।

सुक्खू के CM बनते ही फिर पावर सैंटर बना हमीरपुर, जानिए किसे बनाया राजनीतिक सलाहकार
मैं सुखविंदर सिंह सुक्खू ईश्वर की शपथ लेता हूं... जैसे ही इन शब्दों का उच्चारण प्रदेश में 15वें मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण कर रहे सुक्खू के मुख से लोगों ने सुना तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। 10 साल पहले प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री पद के खोने के बाद हमीरपुर से शिमला और फिर मंडी शिफ्ट हुआ पावर सैंटर फिर हमीरपुर लौटा है। सुक्खू की सफलता से हर हमीरपुरवासी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। 

बिन्नी मिन्हास होंगे मुकेश अग्निहोत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी, 2 ओएसडी भी मिले
हिमाचल प्रदेश के पहले उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की सुरक्षा का जिम्मा डीएसपी बिन्नी मिन्हास संभालेंगे, वहीं उप मुख्यमंत्री को 2 ओएसडी भी मिले हैं, जिनमें से एक पूर्व एसडीएम धनवीर ठाकुर और दूसरे विक्रांत सिंह शामिल हैं। रविवार को शपथ ग्रहण के बाद ही इनकी तैनाती सुनिश्चित की गई है। 

सचिवालय में नए CM व Deputy CM के ऑफिस तैयार
सचिवालय में नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के ऑफिस तैयार हो गए हैं। सीएम ऑफिस में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम वाली पट्टिका लगा दी गई जबकि यहां लगी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम वाली पट्टिका हटा दी गई है। वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश सचिवालय के कमरा नंबर 215 में बैठेंगे। 

भाजपा में फूटने लगा हार का गुबार, देहरा से निकली धवाला की ज्वाला
विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा में हार का गुबार फूटने लगा है। इसकी शुरूआत देहरा से हुई, जहां से धवाला की ज्वाला निकली है। देहरा में पूर्व मंत्री रमेश धवाला की अध्यक्षता में हुई बैठक में हार के लिए अंतिम समय में टिकट बदलने और मुख्यमंत्री की तरफ से कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया। पार्टी स्तर पर हार के कारणों और कांग्रेस सरकार के घटनाक्रम पर जल्द विधायक दल बैठक में मंथन होगा। 

हिमाचल के 3 गबरू भारतीय सेना में बने लैफ्टिनैंट
हिमाचल प्रदेश के 3 नौजवानों ने भारतीय सेना में लैफ्टिनैंट बन कर न केवल अपने-अपने क्षेत्रों का नाम रोशन किया है बल्कि हिमाचल प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है। जानकारी के अनुसार रोहड़ू तहसील की ग्राम पंचायत रणटाडी के बरटू गांव के आर्यन वर्मा ने भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में 151वें बैच के पासिंग आऊट परेड समारोह में बतौर लैफ्टिनैंट 17वीं आसाम रैजीमैंट में स्थायी कमीशन प्राप्त किया है। 

ऊना में हादसा, डिवाइडर से टकरा कर पलटी कार बन गई आग का गोला
ऊना शहर के पुराना बस अड्डा के समीप एक कार धू-धू कर जल गई। रविवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे हादसे का शिकार हुई इस कार में जिला ऊना के ही गांव समूर कलां के 4 लोग झलेड़ा में एक शादी समारोह से शिरकत कर ऊना की तरफ आ रहे थे। जब कार बचत भवन के समीप पहुंची तो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई, जिससे अचानक ही कार में आग लग गई। 

नशा तस्करी की मुख्य सरगना चिट्टे के साथ गिरफ्तार
इंदौरा क्षेत्र में अधिकतर महिलाएं ही नशे के अवैध कारोबार को अंजाम दे रही हैं। पुलिस भी इन पर कार्रवाई करते हुए हर रोज किसी न किसी तस्कर को नशीले पदार्थों सहित पकड़ रही है। बावजूद इसके नशे का कारोबार करने वाली महिलाओं पर कोई भी असर होता नहीं दिख रहा है और बिना डर के नशे की तस्करी करने से गुरेज नहीं कर रही हैं। शनिवार देर रात ठाकुरद्वारा पुलिस ने गश्त के दौरान धमोता गांव की ओर से पैदल आ रही थी एक महिला को 10.49 ग्राम चिट्टे सहित काबू किया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News