प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को पहनाई हिमाचली टोपी, कुल्लू में शटरिंग हटाते ही गिरा पुल, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 06:07 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह रविवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी को हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। कुल्लू जिले में शटरिंग हटाते समय 7 वर्ष से निमार्णाधीन सोलंग पुल का यू टाइप बीम गिर गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस के पास आज विपक्ष का नेता बनाने लायक भी सदस्य पूरे नहीं हैं और यही हाल पार्टी का गुजरात में होने वाला है। नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सपने देख रहे हैं, वे कभी पूरे होने वाले नहीं हैं। स्नातक प्रथम वर्ष के खराब परिणाम मामले के बीच विद्यार्थियों ने अब पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया है। जिला अदालत शिमला ने पुलिस स्टेशन जुब्बल के तहत केलवी गांव में मारपीट करने के आरोपी भारतीय जनता पार्टी के 6 कार्यकर्ताओं  को सशर्त अग्रिम जमानत प्रदान करने के आदेश जारी किए। हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत पलपल के कस्बा नगरोटा गाजियां में श्मशानघाट के समीप नवजात बच्ची का शव नाले में पत्थरों के नीचे दबा मिला है।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को पहनाई हिमाचली टोपी
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह रविवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने मध्य प्रदेश के महू से यात्रा में भाग लेते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कई किलोमीटर पदयात्रा की। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इससे संबंधित फोटो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होती रही। 

शटरिंग हटाते ही धराशायी हो गया सोलंग पुल
शटरिंग हटाते समय सोलंग पुल का यू टाइप बीम गिर गया। अचानक हुए इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है लेकिन ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। वर्षों से इस बीम की शटरिंग को गिरने के डर से नहीं हटाया जा रहा था। गौर हो कि 2015 से शुरू हुआ इस पुल का कार्य ठेकेदार की कमी के कारण 7 वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया था। सोलंग के ग्रामीणों ने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था वहीं विभाग ने जांच के समय गुणवत्ता में कमी पाई थी।

कांग्रेस के पास विपक्ष का नेता बनाने लायक भी सदस्य पूरे नहीं : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज देशभर में भाजपा भरोसे का दूसरा नाम बन चुकी है, जिस पर लोगों का अटूट विश्वास है। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक राज करने वाली कांग्रेस के पास आज विपक्ष का नेता बनाने लायक भी सदस्य पूरे नहीं हैं और यही हाल पार्टी का गुजरात में होने वाला है।

गुटबाजी और विद्रोह का सामना कर रही भाजपा : मुकेश अग्निहोत्री
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को चुनावों के बाद हकीकत का सामना कर लेना चाहिए। कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत से आ रही है, ऐसे में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अब मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर देना चाहिए। यह बात ऊना में जारी बयान में नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कही। उन्होंने कहा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है लेकिन जिस प्रकार से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सपने देख रहे हैं, वे कभी पूरे होने वाले नहीं हैं।

HPU के पास पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन आने शुरू, फीस में नहीं मिलेगी छूट
स्नातक प्रथम वर्ष के खराब परिणाम मामले के बीच विद्यार्थियों ने अब पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के पास कई विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है। पुनर्मूल्यांकन के लिए विद्यार्थियों को तय फीस चुकानी होगी। विश्वविद्यालय ने पुनर्मूल्यांकन के लिए तय फीस में कोई छूट नहीं दी है, ऐसे में विद्यार्थियों को 300 रुपए प्रति उत्तर पुस्तिका फीस देनी होगी। 

भाजपा के 6 कार्यकर्ताओं को कोर्ट ने दी सशर्त अग्रिम जमानत
जिला अदालत शिमला ने पुलिस स्टेशन जुब्बल के तहत केलवी गांव में मारपीट करने के आरोपी भारतीय जनता पार्टी के 6 कार्यकर्ताओं  को सशर्त अग्रिम जमानत प्रदान करने के आदेश जारी किए। न्यायाधीश अमन सूद ने मुरल गांव के चिराग संगरोली, बलवंत जेविल्टा व मनमोहन संगरोली, गांव केल्वी के विनोद कुमार व भीम धालटा और गांव मुर्नल निवासी गोवर्धन संगरोली की अग्रिम जमानत याचिकाओं को मंजूर करते हुए 10 हजार रुपए प्रति आरोपी के निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए। 

भोरंज के नगरोटा गाजियां में पत्थरों के नीचे दबा मिला नवजात बच्ची का शव 
हमीरपुर जिले के उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत पलपल के कस्बा नगरोटा गाजियां में श्मशानघाट के समीप नवजात बच्ची का शव नाले में पत्थरों के नीचे दबा मिला है। पंचायत उपप्रधान विनोद सोनी ने भोरंज पुलिस को नगरोटा गाजियां के श्मशानघाट के साथ नाले में एक नवजात बच्ची के शव को पत्थरों के नीचे दबा होने की जानकारी दी। 

अवैध पेड़ कटान मामले में बीट अफसर और वन रक्षक सस्पैंड
चम्बा जिले के चुराह के वन विभाग के गूंगयास जंगल में निगम के लॉट में हुए अवैध पेड़ कटान मामले में वन विभाग ने जांच के बाद बीट अफसर और वन रक्षक को सस्पैंड कर दिया है। वन कटान मामले में आगामी जांच की जा रही है। बीते दिनों जंगल में वन निगम को देवदार के 1800 पेड़ों को काटने का लॉट जारी हुआ था। इसके चलते जंगल में पेड़ों को काटने का काम चल रहा था। 

मजदूरों की मांगों को लेकर CITU 2 दिसम्बर को करेगी प्रदर्शन
मजदूर संगठन सीटू के हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक मंडी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्याध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने की जबकि राष्ट्रीय सचिव डाॅ. कश्मीर सिंह ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित हुए। बैठक में कहा गया कि सीटू नई सरकार के समक्ष आऊटसोर्स मजदूरों के लिए नीति बनाने के लिए मांग उठाएगी तथा 2 दिसम्बर को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। 

पुंघ में नाकाबंदी पर कार सवार 2 लोगों से पकड़ी चिट्टे की खेप
पुलिस थाना सुंदरनगर के अंतर्गत मंडी पुलिस के विशेष जांच दल ने रविवार को पुंघ में कार सवार 2 लोग चिट्टे सहित गिरफ्तार किए हैं। सहायक उपनिरीक्षक शेर सिंह की अगुवाई में अन्य कर्मचारियों ने रविवार को पुंघ के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक आल्टो कार बिलासपुर की तरफ से आई। इस कार में गाड़ी चालक के साथ एक अन्य व्यक्ति बैठा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News