JEE Main 2026 में हिमाचल के छात्रों का जलवा, घुमारवीं के आदित्य ने 99.63 और शिमला के अथर्व ने हासिल किए 99.45 पर्सेंटाइल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 11:03 AM (IST)
JEE Main Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा घोषित जेईई मेन 2026 के परिणामों में हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए छात्रों ने 99 से अधिक पसेंटाइल हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। घुमारवीं के मिनर्वा संस्थान से लेकर शिमला के एस्पायर और विद्यापीठ जैसे संस्थानों के छात्रों ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
मिनर्वा संस्थान घुमारवीं: आदित्य ने हासिल किए 99.63 पर्सेटाइल
मिनर्वा शिक्षण संस्थान घुमारवीं के छात्रों ने एक बार फिर शानदार रिकॉर्ड कायम किया है। संस्थान के एमडी प्रवेश चंदेल ने बताया कि आदित्य ने 99.63 पसेंटाइल के साथ संस्थान में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनके साथ ही वारिन ने 99.39 और प्रगुण दुबे ने 99.009 पर्सेटाइल लेकर अपनी योग्यता सिद्ध की।
शिमला के अथर्व का शानदार प्रदर्शन
एस्पायर शिमला के छात्रों ने भी सफलता की नई इबारत लिखी है। संस्थान के अथर्व बन्याल ने 99.45 पसेंटाइल हासिल कर अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता के अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। मंडी के अक्षत ठाकुर ने भी पहले ही प्रयास में 99.09 पर्सेटाइल हासिल कर अपनी तैयारी का लोहा मनवाया।
विद्यापीठ और कुल्लू की क्वांटम अकादमी का दबदबा
विद्यापीठ कोचिंग संस्थान (शिमला व सुंदरनगर) के पार्थ शर्मा ने 99.10 पसेंटाइल के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके अलावा ऋष्वेक रतन (97.82), सानिया (97.45) और ईशांत (97.30) ने भी शानदार अंक बटोरे। उधर, कुल्लू के मौहल स्थित क्वांटम अकादमी के नमन ने 97.1 पसेंटाइल लेकर जिले का मान बढ़ाया। संस्थान के 5 में से 4 छात्रों ने 90 से अधिक पसेंटाइल हासिल किए हैं।

