ई-गवर्नैंस में हिमाचल का डंका, हिम परिवार और सर्वे प्लेटफॉर्म को मिले नैशनल अवार्ड

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 05:23 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): सरकार के डिजिटल टैक्नोलॉजी एवं गवर्नैंस (डीडीटीजी) विभाग ने ई-गवर्नैंस की दिशा में अपनी नवाचारी पहलों से राष्ट्रीय पटल पर राज्य का गौरव बढ़ाया है। विभाग को उसकी नागरिक-केंद्रित डिजिटल सेवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। सचिव (डीडीटीजी) आशीष सिंघमार और निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने ये पुरस्कार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भेंट किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभाग की सराहना करते हुए कहा कि ये पुरस्कार प्रदेश की पारदर्शी और सुरक्षित सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं।

विभाग को ईटीगोव टैक 2026 (सिल्वर विनर) के तहत दि इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा विभाग की हिम परिवार पहल को बैस्ट स्टेट-लेवल ई-गवर्नैंस इनिशिएटिव श्रेणी में सम्मानित किया गया। स्कॉच अवार्ड-2025 के तहत विभाग के सर्वे प्लेटफॉर्म को प्रभावी डिजिटल सर्वेक्षण और डाटा आधारित प्रशासन के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला। स्कॉच ऑर्डर ऑफ मैरिट के तहत हिम परिवार, हिम एक्सेस (एसएसओ) और सर्वे प्लेटफॉर्म को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए मैरिट रिकॉगनिशन प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार तकनीक का उपयोग कर आम जनता को प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ सेवाएं देने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य एक डिजिटल रूप से सशक्त हिमाचल का निर्माण करना है। एकीकृत प्लेटफॉर्म और निर्बाध नागरिक सेवाओं के माध्यम से हम प्रशासन को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचा रहे हैं।

सचिव आशीष सिंघमार ने बताया कि ये पुरस्कार विभाग के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विभाग आने वाले समय में और अधिक मजबूत और विस्तृत नागरिक-केंद्रित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। इस अवसर पर प्रधान सचिव देवेश कुमार सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफलता को टीम वर्क का परिणाम बताया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News