HPU ने स्थापित किए 112 परीक्षा केंद्र, जानें कब शुरू होंगी बीए, बीएससी व बीकॉम फर्स्ट सैमेस्टर की परीक्षाएं

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 04:34 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक (बीए, बीएससी व बीकॉम) प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित कर दिए हैं। कुल 112 परीक्षा केंद्रों पर ये परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए सबसे अधिक परीक्षा केंद्र जिला कांगड़ा में 32 केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अलावा जिला शिमला में 18 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि जिला चम्बा में 11, जिला बिलासपुर में 6, जिला हमीरपुर में 9, जिला सिरमौर में 12, जिला सोलन में 8 और जिला ऊना में 11 परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अलावा जिला किन्नौर में 1, जिला कुल्लू में 2 और मंडी में 1 परीक्षा केंद्र स्थापित किया है।

बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाएं 21 या 22 अक्तूबर से शुरू होना संभावित हैं। एचपीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्नातक स्तर पर एनईपी लागू किया है और इसी के तहत इस बार कालेजों में प्रवेश प्राप्त नए विद्यार्थियों की परीक्षाएं सैमेस्टर पैटर्न के तहत आयोजित होंगी। इन परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है और बिना विलंब शुल्क 30 सितम्बर तक परीक्षा फॉर्म भरे जा सकते हैं।

शास्त्री प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाओं के लिए केंद्र स्थापित
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) से संबद्ध संस्कृत कॉलेजों मेें भी शास्त्री प्रथम सैमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित कर दिए हैं। कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षाएं आयोजित होंगी। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।

बीएचएमएस चतुर्थ प्रोफैशनल वार्षिक/सप्लीमैंटरी थ्योरी परीक्षाएं अक्तूबर में
बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मैडीसन एंड सर्जरी (बीएचएमएस) चतुर्थ प्रोफैशनल (न्यू सिलेबस) वार्षिक/सप्लीमैंटरी थ्योरी परीक्षाएं अक्तूबर माह में शुरू होंगी। ये परीक्षाएं सोलन होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज व अस्पताल कुमारहट्टी के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होंगी। इसके लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और बिना विलंब शुल्क 5 अक्तूबर तक परीक्षा फॉर्म भरे जा सकते हैं। इसके बाद विश्वविद्यालय के नियमों के तहत विलंब शुल्क वसूला जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News