Shimla: वित्तीय तंगहाली के बीच सरकार ने वार्षिक बजट पर चलाई कैंची, HPU को लगा बड़ा झटका

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 11:09 AM (IST)

शिमला (अभिषेक): वित्तीय तंगहाली के दौर से गुजर रहे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के वार्षिक वित्तीय अनुदान सहायता राशि (बजट) में कट लगा है। एचपीयू को अगले वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान 145 करोड़ रुपए से भी कम बजट मिलेगा। लगातार 3 वर्षों से विश्वविद्यालय के बजट में कोई वृद्धि नहीं हुई थी और सालाना प्रदेश सरकार से 152.20 करोड़ रुपए मिल रहे थे। इस बीच कई बार विश्वविद्यालय समुदाय ने प्रदेश सरकार से बजट वृद्धि का मामला उठाया लेकिन बजट में वृद्धि नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार अब अगले वित्त वर्ष के लिए विश्वविद्यालय को वर्तमान में मिल रहे 152.20 करोड़ रुपए के बजट में 5 से 7 प्रतिशत की कटौती की गई है। इस कटौती से विश्वविद्यालय को बड़ा झटका लगा है। इससे अब विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए खर्चे पूरे करने में दिक्कतें पेश आएंगी।

250 करोड़ रुपए का मांगा था बजट
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रबंधन ने प्रदेश सरकार से वार्षिक बजट 250 करोड़ रुपए का बजट मांगा था लेकिन बजट में कटौती से विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था और बिगड़ जाएगी। अब आगामी दिनों में विश्वविद्यालय का बजट पारित करने के लिए वित्त समिति की बैठक बुलाई जाएगी। इससे में बजट पारित करने के साथ विश्वविद्यालय की वित्तीय स्थिति को पटरी पर लाने के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं, इस पर विस्तृत चर्चा होगी। इस बार भी विश्वविद्यालय का घाटे का बजट पारित होगा। वर्तमान वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बीते वर्ष समय-समय पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों व कर्मचारियों के वेतन जारी करने में भी दिक्कतें आई थीं। अब जब बजट में कटौती हो गई है तो आय के अतिरिक्त साधन तलाशने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ेगी।

अगले सत्र से महंगी होगी पीजी की पढ़ाई 
एचपीयू को अपने स्तर पर आय के साधन बढ़ाने होंगे। अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के प्रस्ताव पर भी मोहर लगाई जा सकती है। वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए विश्वविद्यालय को फीस वृद्धि जैसे कदम उठाने को मजबूर होना पड़ सकता है। ऐसे में विश्वविद्यालय मेें स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई महंगी हो जाएगी। हालांकि सरकार की अनुमति के बिना फीस वृद्धि को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन निर्णय नहीं लेगा और इसमें वृद्धि करने से पहले प्रस्ताव प्रदेश सरकार को जरूर भेजा जाएगा।

बीते वर्षों में एचपीयू को सरकार से कितना मिला बजट
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को 3 वित्त वर्षों (2025-26, 2024-25 व 2023-24) में 152.20 करोड़ रुपए मिल रहे थे। इससे पहले वित्त वर्ष 2022-23 के लिए 144.95 करोड़ रुपए मिले थे, जबकि इससे पहले वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 138 करोड़ रुपए का सालाना बजट मिला। वित्त वर्ष 2022-21 के दौरान विश्वविद्यालय को प्रदेश सरकार से 125.50 करोड़ रुपए का वार्षिक बजट प्राप्त हुआ। 2019-20 में 120 करोड़ रुपए। वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने प्रदेश सरकार से 110 करोड़ रुपए, वित्त वर्ष 2017-18 में विश्वविद्यालय को 100 करोड़ रुपए प्रदेश सरकार से अनुदान के रूप में मिले थे। वित्त वर्ष 2016-17 में 90 करोड़ और वित्त वर्ष 2015-16 में सरकार से विश्वविद्यालय को 79 करोड़ का बजट मिला था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News