Shimla: MA एजुकेशन में एडमिशन चाहिए तो नोट कर लें ये तारीख, काऊंसलिंग का शैड्यूल जारी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 04:55 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) ने शैक्षणिक सत्र जनवरी-2026 के तहत वाले एमए एजुकेशन कोर्स में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग शैड्यूल जारी कर दिया है। काऊंसलिंग 19 मार्च को विश्वविद्यालय में स्थित सीडीओई भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 20 मार्च को प्रवेशित अभ्यर्थियों के फॉर्म की पुन: जांच और अंतिम सूची का संकलन किया जाएगा। यह कार्य एडमिशन कमेटी करेगी।
एमए एजुकेशन में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों के लिए स्नातक में न्यूनतम अंक तय किए गए हैं। इसके तहत सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के 50 प्रतिशत या उससे अधिक और एससी/एसटी/ओबीसी/पीएच वर्ग के अभ्यर्थियों के स्नातक में न्यूनतम अंक 45 प्रतिशत या उससे अधिक होना अनिवार्य हैं। सीडीओई प्रबंधन ने काऊंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देशों जारी किए हैं।
अभ्यर्थियों को जमा करनी होगी प्रति सैमेस्टर 5596 रुपए फीस
प्रवेश की पुष्टि होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रति सैमेस्टर 5596 रुपए फीस जमा करनी होगी। फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी आर नकद भुगतान की अनुमति नहीं होगी। एडमिशन कमेटी के चेयरमैन प्रो. सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि एमए एजुकेशन में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग शैड्यूल जारी कर इसकी विस्तृत सूचना वैबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।

