"स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था की हो तुरंत समीक्षा, दोबारा न हो चनौर जैसी घटना", शिक्षा मंत्री का बड़ा निर्देश
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 02:38 PM (IST)
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने देहरा की चनौर ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय में अपराह्न भोजन बनाने वाली (मिड डे मील) कार्यकर्ता सलोचना देवी की हत्या पर गहरा दुख जताया है।
ठाकुर ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के लिए सबसे सुरक्षित जगह होने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून के मुताबिक सख्त तथा जरूरी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि वह सभी सरकारी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था की तुरंत समीक्षा करे और उसे मजबूत करे ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों , अपराह्न भोजन बनाने के काम में लगे श्रमिकों और सभी सहयोगी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
शिक्षा मंत्री ने दुखी परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि शिक्षा विभाग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है और हर संभव मदद करेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और ईश्वर से परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

