हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने घोषित किया मैट्रिक पुनर्मूल्यांकन व पुनर्निरीक्षण का परिणाम

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 10:00 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक नियमित परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिए हैं। जिन भी अभ्यर्थियों ने वार्षिक परीक्षा परिणाम आने के बाद अपने अंकों की दोबारा जांच के लिए आवेदन किया था, वे अब बिना किसी देरी के अपना संशोधित परीक्षा परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं। छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन रखा है। परीक्षार्थी अपना नया और संशोधित रिजल्ट हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर चैक कर सकते हैं। वैबसाइट के होमपेज पर इसके लिए एक विशेष लिंक उपलब्ध करवा दिया गया है, जिस पर क्लिक करके छात्र अपना रोल नंबर डालकर परिणाम आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

इसके साथ ही परिणाम को लेकर छात्रों के मन में उठने वाले सवालों और किसी भी प्रकार की तकनीकी परेशानी को दूर करने के लिए बोर्ड ने विशेष हैल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। बोर्ड ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से विशेष आग्रह किया है कि वे वैबसाइट पर जाकर अपना परिणाम अवश्य जांच लें। साथ ही, किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण या जानकारी के लिए अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल बोर्ड द्वारा जारी किए गए अधिकृत हैल्पलाइन नंबरों का ही उपयोग करें।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष  डॉ. राजेश शर्मा का कहना है कि मार्च 2026 में आयोजित मैट्रिक नियमित परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर अपना संशोधित रिजल्ट चैक कर सकते हैं। यदि किसी छात्र को पुनर्मूल्यांकन से संबंधित कोई जानकारी चाहिए तो वह कार्यालय समय के दौरान बोर्ड के दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News