Himachal: सलौणी गांव में एक अनोखी चोरी की वारदात, घर में पहले उड़ाई दावत, फिर जमकर मचाई लूट
punjabkesari.in Monday, Mar 10, 2025 - 03:53 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर थाना क्षेत्र के सलौणी गांव में एक अनोखी चोरी की वारदात सामने आई है। इस घटना ने गांववासियों को हैरान कर दिया है। चोरों ने रात के समय एक घर में घुसकर रसोईघर में जमकर लूट मचाई और बर्तनों समेत राशन, घी, दालें और अन्य सामान चोरी कर लिया। इस दौरान घर के बाकी सदस्य सोते रहे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
घटना उस समय हुई जब गांव के एक घर में चोरों ने रसोईघर में घुसकर कांसे के बर्तनों में दावत उड़ाई और फिर बाकी सामान चोरी कर लिया। घर के मालिक अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने कभी भी रसोईघर में ताला नहीं लगाया था। उन्होंने बताया कि घर में तीन किलो देसी घी, पांच किलो चीनी, सात किलो दालें, एक कुकर, अचार के डिब्बे और चार कांसी की थालियां चोरी हुई हैं। इसके अलावा, घर के रसोईघर में आलू-गोभी की सब्जी और माह-चने की दाल बनाई गई थी, जो चोरी के बाद बची हुई मिली। परिवार के सदस्य जब सुबह रसोईघर में पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला।
अशोक कुमार ने बताया कि चोरी की घटना से पहले रात को उनका परिवार आराम से खाना खा रहा था, लेकिन जब सुबह रसोईघर में जाकर देखा तो बर्तन और सामान गायब थे। आश्चर्य की बात यह रही कि चोरी का शिकार हुआ घर गांव के बीचों-बीच स्थित है, बावजूद इसके किसी को भी चोरी की भनक नहीं लगी। घर के पास स्थित रसोईघर में शातिरों ने आराम से चोरी को अंजाम दिया, लेकिन रात के समय घर में सोते रहे परिवार के सदस्य को किसी तरह का शक भी नहीं हुआ।
सलौणी महिला मंडल की प्रधान पिंकी शर्मा ने इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना पहले कभी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि गांव में कोई भी परिवार अपने रसोईघर में ताला नहीं लगाता था, लेकिन यह पहली बार है जब रसोईघर में चोरी हुई है। पिंकी शर्मा ने यह भी कहा कि गांव में बढ़ते नशे के कारण युवा इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। नशे की आदत को पूरा करने के लिए युवा इस प्रकार की चोरी और लूट की घटनाओं में लिप्त हो रहे हैं।भोटा चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस घटना के बारे में कोई शिकायत प्राप्त नहीं मिली है। यदि शिकायत दर्ज होती है, तो वे उचित कार्रवाई करेंगे।