Kangra: स्विफ्ट कार से 43.56 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब और कांगड़ा के 2 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 07:47 PM (IST)
नूरपुर (ब्यूरो): कांगड़ा जिले के नूरपुर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। जीरो टॉलरैंस नीति के तहत सीआईए नूरपुर की टीम ने पंजाब सीमा से सटे कंडवाल चैक पोस्ट पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो शातिर तस्करों को 43.56 ग्राम चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीआईए नूरपुर की टीम कंडवाल चैक पोस्ट पर मुस्तैदी से नाकाबंदी कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम को देखकर कार में सवार दोनों युवक घबरा गए और उनकी गतिविधियां बेहद संदिग्ध लगने लगीं। शक गहराने पर जब पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली, तो उसमें छिपाकर रखा गया 43.56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत मादक पदार्थ और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान अक्षय कुमार निवासी समलोटी व जिला कांगड़ा और सवरण सिंह निवासी बबेहाली (पंजाब) के रूप में हुई है। एक आरोपी पंजाब का और दूसरा हिमाचल का होने के चलते यह स्पष्ट हो गया है कि नशे की इस खेप के तार सीमा पार से जुड़े हुए हैं।
अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नूरपुर पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि इस कार्रवाई और प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पुलिस के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। इन सुरागों के आधार पर पुलिस अब इस अंतर्राज्यीय ड्रग नैटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अब ये पता लगाने की काेशिश कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और आगे किसे सप्लाई की जानी थी, ताकि इस पूरे नैटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

