शिमला में IGMC अस्पताल के पास हुआ भारी भूस्खलन, सड़के बंद....दो गाड़ियां मलबे में दबी

punjabkesari.in Thursday, Aug 14, 2025 - 10:39 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। शिमला में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के पास भारी भूस्खलन हुआ है। यह घटना आज सुबह हुई। भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह से बंद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में दो गाड़ियां भूस्खलन की चपेट में आकर दब गई हैं। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, गाड़ियों में कोई था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

भूस्खलन की वजह से शिमला शहर का यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। आईजीएमसी अस्पताल जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का काम तेजी से चल रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द खोलने की कोशिश की जा रही है। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News