आनी में भारी बारिश से टिप्पर बहा, रिहायशी मकानों व सेब के बगीचों को नुक्सान
punjabkesari.in Saturday, Aug 28, 2021 - 10:16 PM (IST)

आनी (ब्यूरो): हिमाचल में मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए यैलो अलर्ट के बीच जिला कुल्लू के आनी उपमंडल के अमरबाग कुशकुटल में शुक्रवार देर रात्रि भारी बारिश ने क्षेत्र में खासी तबाही मचाई। तेज बारिश के बाद आई बाढ़ से क्षेत्र में जहां उपजाऊ भूमि सहित फलदार सेब के पौधों को नुक्सान हुआ है। इसके अलावा सड़क किनारे खड़ा टिप्पर भी बाढ़ की चपेट में आ गया। इसके अलावा एक छोटा पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। बाढ़ के खौफ से ग्रामीण बेहद सहमे हुए हैं। उधर, कुटल अमरबाग क्षेत्र में तीन-चार घरों को भूस्खलन का खतरा पैदा गया है। इन घरों के लोगों ने अपने रिहायशी मकान छोड़कर खौफ के साये में खुले में रात गुजारी। भारी बारिश से हुई इस क्षति का जायजा लेने के लिए आनी से पुलिस व प्रशासन की टीम जल्द मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं आऊटर सिराज में लगातार बारिश होने से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
बीती रात आनी ब्लॉक की जाबन और नम्होंग पंचायत के अमरबाग कुशकुटल में भारी बारिश से सड़क से एक टिप्पर बह गया। इसके अलावा ग्रामीणों के घरों में दरारें आ गई हैं। सेब के बगीचे बह गए हैं। एक छोटा पुल भी बह गया। कुटल अमरबाग में रिहायशी मकानों को भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, मरोहलदल के तांबेराम, अमरबाग के नीरज डोगरा ने बताया कि उनके घरों व सेब के बगीचे को नुक्सान हुआ है। गुलाब राम के भी सेब के पेड़ बह गए हैं। गांव के लोग बीती रात आने घरों को छोड़कर दूसरी जगह चले गए हैं।
तहसीलदार दलीप शर्मा ने कहा कि आनी के अमरबाग में भारी बारिश भूस्खलन हुआ है। इस बारे मौके का जायजा लेने प्रशासन टीम भेज दी गई है। राजस्व विभाग पूरे स्थल का निरीक्षण करके रिपोर्ट तैयार करेगा, जिनका नुक्सान हुआ है उनकी सूची बनाई गई है। मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश की चेतावनी दी है। आम जनता को आगाह किया जाता है कि लोग नदी किनारे न जाएं। इसी तरह निथर के कुठेड़ में भी भारी बारिश से नुक्सान हुआ है। आनी ब्लॉक के विभन्न गांव में भारी बारिश होने से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।